Bus To London: दिल्ली से लंदन का सफर 70 दिनों में

Delhi to London: गुरुग्राम की ट्रैवल कंपनी बस से करवाएगी लंदन तक का सफर, तकरीबन 20 हजार किलोमीटर का सफर 70 दिनों में होगा पूरा

Updated: Aug 23, 2020, 07:18 AM IST

Photo Courtesy: Traveltradejournal.com
Photo Courtesy: Traveltradejournal.com

नई दिल्ली। अगर आप दिल्ली से लंदन सड़क के रास्ते जाने के इच्छुक हैं, तो यह जानकारी आपके लिए है। जल्द ही एक ऐसी सुविधा शुरू होने वाली है, जो आपको 18 देश होते हुए लंदन सड़क के रास्ते ले कर जाएगी। दरअसल गुरुग्राम स्थित एक निजी ट्रैवल कंपनी ने लोगों को सड़क के रास्ते लंदन तक का सफ़र कराने के लिए एक बस तैयार की है। जो तकरीबन 20 हज़ार किलोमीटर का सफर तय कर, 70 दिनों में लंदन पहुंचा देगी। कंपनी ने बस का नाम बस टू लंदन रखा है। 

कितने का खर्च आएगा ? 
बस तो लंदन तक का सफ़र तय करने के लिए आपको अपनी जेब से 15 लाख रुपए खर्च करने पड़ेंगे। वो इसलिए क्योंकि इस दौरान आपको 18 देशों से होकर गुजरना होगा। जिसमें आपके रुकने की व्यवस्था पांच सितारा होटल में की जाएगी। अगर आपके पास इस सेवा का लाभ उठाने हेतु पर्याप्त पैसे नहीं है, तब आप उसी बस सेवा के लिए किसी अन्य कैटेगरी को चुन सकते हैं। लंदन बस सेवा योजना को 4 श्रेणियों में बांटा गया है। आप अपने सुविधा अनुसार अपनी श्रेणी चुन सकते हैं।

सफ़र के लिए वीज़ा कहां से आएगा ? 
लंदन तक के सफ़र को पूरा करने वाले व्यक्ति को 10 वीज़ा की आवश्यकता होगी। हालांकि यात्रियों को वीज़ा अर्जित करने संबंधी कोई दिक्कत या परेशानी का सामना न करना पड़े, इसलिए ट्रैवल एजेंसी खुद यात्रियों के लिए वीज़ा का बंदोबस्त करेगी।  

कौन से देशों से गुजरना होगा ? 
दिल्ली से लंदन तक के सफ़र में आपको 18 देशों से गुजरना होगा। जिसमें इंडिया, म्यांमार, थाईलैंड, लाओस, चीन, किर्गिजस्तान ,उज्बेकिस्तान, कजाखस्तान, रूस, लातविया, लिथुआनिया, पोलैंड, चेक गणराज्य, जर्मनी, नीदरलैंड, बेल्जियम, फ्रांस और यूनाइटेड किंगडम शामिल हैं।

कब से शुरू हो रही है सेवा ? 
बस टू लंदन सेवा को 15 अगस्त को लॉन्च किया है। लंदन तक सड़क के रास्ते यात्रा करने की सुविधा देने वाली ' एडवेंचर ओवरलैंड कंपनी ने यह उम्मीद जताई है कि इस सेवा को से मई 2021 से शुरू कर सकती है। हालांकि कोरोना द्वारा जनित विषम परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए इस सेवा का रजिस्ट्रेशन अभी शुरू नहीं किया गया है। 

क्या सड़क के रास्ते लंदन पहुंचा जा सकता है ? 
अगर आप यह सोच रहे हों कि सड़क के रास्ते लंदन पहुंचना संभव नहीं है, तो आप गलत हैं। दरअसल लंदन तक बस की सेवा प्रदान करने वाली ट्रैवल कंपनी के कर्ता धर्ता तुषार अग्रवाल खुद लंदन कार से न सिर्फ जा चुके हैं, बल्कि जाते रहते हैं। अग्रवाल बताते हैं 'मैं और मेरे साथी संजय मदान साल 2017, 2018 और 2019 में कार से दिल्ली से लंदन गये थे, वहीं हमारे साथ कुछ अन्य साथी भी थे।हम हर साल इस तरह का एक ट्रिप ऑर्गनाइज करते हैं।'