MP By election : दलबदलू इमरती देवी का कांग्रेस पर तंज

ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री इमरती देवी ने कहा है कि कांग्रेस के पास उप चुनाव में उतारने के लिए उम्मीदवार नहीं है

Publish: Jun 05, 2020, 05:08 AM IST

कांग्रेस उपचुनाव से पहले अपना संगठन मजबूत कर रही है। इसके लिए पार्टी पदाधिकारियों की नियुक्तियां की जा रही हैं। ग्वालियर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी में 4 कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इस पर कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा की सदस्‍यता ग्रहण कर चुकीं इमरती देवी ने कटाक्ष किया है। इमरती देवी का कहना है कि कांग्रेस के पास आगामी उपचुनाव के लिए कोई चेहरा नहीं बचा है और इसीलिए पार्टी रेवड़ियों की तरह पद बांट रही है।

आपको बता दें कि 24 सीटों पर छह महीने के भीतर उपचुनाव होने वाले हैं जिनमें से एक सीट डबरा की भी है। जहां से खुद इमरती देवी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर आयी थीं। ग्वालियर में उपचुनावों से पहले कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत कर रही है। लेकिन बीजेपी इसे कांग्रेस की कमजोरी बताने से बाज नहीं आ रही है। ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री इमरती देवी का कहना है कि कांग्रेस नेता डिमोशन लेकर कार्यकारी अध्यक्ष जैसे पद स्वीकार कर रहे हैं। प्रमोशन से डिमोशन और रेवड़ी तक की कहानी कांग्रेस की स्थिति को स्पष्ट कर रही है। कांग्रेस के पास उपचुनाव के लिए कोई ऐसा चेहरा नहीं है जिसे सामने कर वह वोट मांग सके। आपको बता दें कि सिंधिया समर्थक इमरती देवी ने 22 विधायकों के साथ कांग्रेस छोड़कर बीजेपी ज्वाइन की थी। और अब शिवराज कैबिनेट में मंत्री पद मिलने के इंतजार में हैं।