शादी के तीसरे दिन पति फरार, दसवें दिन विधवा, अब सलाखों के पीछे

Vikas Dubey Arrested Live Updates : विकास दुबे के भांजे अमर दुबे की पत्‍नी की दास्‍तां, बंदूक के दम पर की थी शादी

Publish: Jul 10, 2020, 03:41 AM IST

उत्तरप्रदेश पुलिस ने विकास दुबे के भतीजे अमर दुबे को मारने के बाद उसकी पत्नी खुशी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अमर दुबे की शादी 29 जून 2020 को खुशी के साथ हुई थी। शादी के दसवें दिन ही अमर के एनकाउंटर के बाद खुशी विधवा हो गयी। इसके बाद अब उत्तरप्रदेश पुलिस ने खुशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सोशल मीडिया पर लोग खुशी की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं।

दरअसल, अमर दुबे कानपुर गोलीकांड का मुख्य अभियुक्त व विकास दुबे का भतीजा है। वह विकास दुबे का बॉडीगार्ड और उसके गुट का सबसे शातिर शूटर था। उसकी शादी बीते महीने के 29 जून को विकास के घर पर ही हुई थी। इस मामले में अब नयी बातें सामने आ रही है। ऑनलाइन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमर ने बंदूक के दम पर खुशी से शादी की थी। खुशी के घरवालों ने अमर की आपराधिक प्रवृत्ति को जानने के बाद उससे शादी करने से इंकार कर दिया था। इसके बाद उसने बंदूक के दम पर 29 जून को विकास दुबे के घर पर विवाह रचाई थी। बिकरु में विकास दुबे की कोठी के पास ही अमर दुबे का मकान भी है। 

मेहंदी लगे हाथों में हथकड़ी

सोशल मीडिया पर कई लोग खुशी की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि खुशी का क्या कसूर है जो उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मेहंदी लगे हाथों में हथकड़ियां लगाना कहां तक जायज है? बता दें कि शादी के दो दिन बाद ही कानपुर गोलीकांड हुआ था जिसमें 8 पुलिसकर्मियों की मौत हुई थी। इसके बाद अमर अपनी नवविवाहित पत्नी को छोड़कर फरार हो गया था। जानकारी के मुताबिक वह विकास दुबे के साथ ही फरार हुआ था और उसके साथ ही हरियाणा के फरीदाबाद तक गया था, लेकिन पुलिस ने छापा मारा तो वहां से भाग निकला था। वहीं से लखनऊ एसटीएफ की टीम अमर के पीछे लग गई थी। बुधवार सुबह उसे हमीरपुर में पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। इसी के साथ दसवें दिन उसकी पत्नी विधवा हो गई।

खुशी के अलावे उत्तरप्रदेश पुलिस ने अमर की मां क्षमा दुबे, पिता संजीव दुबे को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस ने इनपर मुठभेड़ की रात हमलावरों को उकसाने का आरोप लगाया है।