Unlock3.0: बढ़ते संक्रमण के बीच अनलॉक शुरू

Unlock Guidelines and Rules: रायपुर, कोरबा,बलौदाबाजार में शुक्रवार से तय समय पर खुलेंगी दुकानें, मंत्रालय में शुरू होगा कामकाज

Updated: Aug 07, 2020, 06:15 AM IST

photo courtesy : naidunia
photo courtesy : naidunia

रायपुर। शुक्रवार से छत्तीसगढ़ एक बार फिर अनलॉक होने जा रहा है। रायपुर में दुकानें खोलने का समय निर्धारित कर दिया गया है। कलेक्टर एस भारती दासन ने व्यापारियों के साथ बैठक के बाद इसके आदेश जारी कर दिए। यह तय किया गया है कि रविवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी दिनों में 8 घंटे सभी तरह की दुकानें खोली जा सकेंगी। सोमवार से शनिवार तक सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक सब्जी, डेयरी, मटन, मछली की दुकानें खुलेंगी। वहीं सुबह 8 से शाम 4 बजे तक किराना जनरल, प्रोविजन स्टोर्स भी खोले जा सकेंगे।

जिम खोलने को लेकर अब भी है असमंजस  

बाजार में कपड़ा, हार्डवेयर, फुटवेयर, ज्वेलरी, स्टेश्नरी, सेलून, स्पा, ब्यूटी पार्लर तरह के सामान की दुकानों के दोपहर 12 से रात 8 बजे तक खोलने की परमीशन दी गई है। रायपुर में मॉल भी 12 से 8 के बीच खुलेंगे। शहर में जिम खोलने को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

रेस्टोरेंट, होटल सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक खुलेंगे

रायपुर के रेस्टोरेंट, होटल सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक खुलेंगे, जहां डाइनिंग की सुविधा भी खोली जा रही है। इनमें रात 8 बजे से रात 10 बजे तक होम डिलीवरी की सुविधा मिलेगी। सुबह 6 बजे से 9 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक ठेले पर खाद्य सामग्री बेचने वाले स्टॉल लगाए जा सकेंगे।

एक तिहाई कर्मचारियों के साथ मंत्रालय में शुरू होगा काम

छत्तीसगढ़ मंत्रालय में एक तिहाई कर्मचारियों के साथ कामकाज शुरू होगा, बाकी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करना होगा। ये कर्मचारी रोटेशन के हिसाब से मंत्रालय आएंगे। वहीं सभी अवर सचिव से लेकर आला अधिकारियों को रोजाना दफ्तर आना होगा। वहीं कर्मचारियों को फोन से संपर्क रखने और वर्क फ्राम होम के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने की स्थिति में बुलाया जा सकेगा।

लॉकडाउन लागू होने के साथ ही महानदी भवन और इंद्रावती भवन के संचालन पर भी रोक लगा दी गई थी। सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर कर्मचारियों को वर्क फ्राम होम के निर्देश दिए थे। पिछले सप्ताह इंद्रावती भवन में पांच कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिले थे।

रविवार को जारी रहेगा टोटल लॉकडाउन

कोरबा में 7 अगस्त से जिले के सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक सभी दुकानें खुलेंगी। बलौदाबाजार में दुकानें सुबह 8 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक खुली रह सकती हैं। भारत सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार सिनेमाघर, मल्टीपलैक्स, स्कूल-कॉलेज नए निर्देश आने तक बंद रहेंगे। रविवार को पूरी तरह से बाजार दुकानें, सभी संस्थान बंद रहेंगे। इस दौरान 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक डेयरी खुलेंगी। पेट्रोल पंप, दवा दुकानें एमरजेंसी सर्विस पहले की तरह चलती रहेंगी।