Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ की दो ट्रांसजेंडर्स ने पर्वतारोहण में बनाया रिकॉर्ड, गिनीज़ बुक में दर्ज हुआ नाम

Friendship Peak: छत्तीसगढ़ निवासी वीणा सेंद्रे और निकिता बजाज ने ट्रांसजेंडर्स के ग्रुप के साथ हिमालय की फ्रेंडशिप पीक पर फहराया झंडा

Updated: Oct 13, 2020, 12:30 AM IST

Photo Courtesy: Positive India
Photo Courtesy: Positive India

रायपुर। छत्तीसगढ़ की दो ट्रांसजेंडर्स वीणा सेंद्रे और निकिता बजाज का नाम गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुआ है। मिस ट्रांस क्वीन वीणा सेंद्रे और ब्यूटीशियन निकिता बजाज ने ट्रांसजेंडर्स के ग्रुप के साथ हिमालय की फ्रेंडशिप पीक पर फतह हासिल की है। वीणा सेंद्रे और निकिता बजाज के साथ देश के कुल 25 ट्रांसजेंडर ने ट्रैकिंग की।

देश में पहली बार ट्रांसजेंडर्स समुदाय ने पर्वतारोहण में एक साथ दो रिकॉर्ड दर्ज करवाए हैं। भारत के 25 ट्रांसजेंडर्स समूह ने रविवार को हिमालय की फ्रेंडशिप पीक पर भारत का झंडा फहराया। इस समूह में देश के विभिन्न राज्यों के 25 ट्रांस जेंडर्स इसमें शामिल थे। जिनमें मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ के ट्रांसजेंडर्स ने फ्रेंडशिप पीक पर चढ़ाई की। हिमालय की फ्रेंडशिप पीक समुद्रतल से 17348 फीट ऊंचाई पर स्थित है। यहां तक पहुंचने वाला यह देश का पहला ट्रांसजेंडर्स समूह बन गया है। ट्रांसजेंडर्स समूह का नाम गिनीज बुक और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है।

आपको बता दें कि देश की पहली ट्रांसक्वीन का खिताब जीतने वाली रायपुर की वीणा सेंद्रे और ब्यूटीशियन निकिता बजाज भी इस टीम का हिस्सा थीं। बॉडी बिल्डर ट्रांसमैन आर्यन पाशा और आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी इसके ग्रुप लीडर थे। सभी 25 ट्रांसजेंडर्स ने 6 अक्टूबर को चढ़ाई की शुरुआत की थी।

सभी बाधाओं का पार करते हुए 11 अक्टूबर को हिमालय की फ्रेंडशिप पीक पर पहुंचकर भारतीय ध्वज लहराया। गौरतलब है कि हिमालय पर्वत पर 17,348 फीट की ऊँचाई पर फ्रेंडशिप पीक स्थित है। इस शिखर के रास्ते में घने जंगल, अल्पाइन घास के मैदान  और विशाल हिमखंडों को पार करना पड़ता है। ज्यादातर ट्रांसजेंडर्स इसकी तैयारी करीब दो-तीन महीने से कर रहे थे। जिसमें साइकिलिंग, रनिंग और वॉकिंग शामिल था। यह ट्रांसजेंडर समूह साल 2021 में माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई चढ़ने की तैयारी में है।