Amitabh Bachchan: अमिताभ बच्चन ने किया अंगदान का ऐलान
अमिताभ बच्चन ने अंगदान के संकल्प का प्रतीक हरे रंग का रिबन लगाकर सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीर

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अंगदान करने का ऐलान किया है। उन्होंने ट्वीटर पर अपने इस संकल्प के बारे में जानकारी दी। अपने ट्वीट में उन्होंने एक फोटो भी शेयर की है। इस फोटो में उनके कोट पर हरे रंग का रिबन लगा है, जो कि अंगदान के संकल्प का प्रतीक माना जाता है।
अमिताभ बच्चन ने अपने संदेश में लिखा है कि "मैं अंगदान का संकल्प ले चुका हूं...इसकी पवित्रता दिखाने के लिए हरे रंग का रिबन लगाया है।" अमिताभ बच्चन ने 77 साल की उम्र में एक नेक पहल की है।
T 3675 - I am a pledged ORGAN DONOR .. I wear the green ribbon of its sanctity !!???? pic.twitter.com/EIxUJzkGU6
— Amitabh Bachchan (@SrBachchan) September 29, 2020
अमिताभ बच्चन लोगों के लिए रोल मॉडल हैं। अक्सर सोशल मीडिया पर कई संदेश और उदाहरण शेयर करते रहते हैं, जिनसे लोगों को कुछ नया सीखने को मिले। अब उन्होंने ट्वीट करके अंगदान के फैसले के बारे में फैंस को बताया है। बिगबी के इस फैसले पर उनके फैंस कई तरह से रिएक्ट कर रहे हैं। कई लोगों ने उनके इस संकल्प का स्वागत किया है, इसे नेक पहल बताया है। वहीं कई रिएक्शन मजेदार हैं।
अमिताभ बच्चन के एक फैन ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि वैज्ञानिक तौर पर आप डोनर नहीं हो सकते, क्योंकि आपको हेपेटाइटिस बी है। यूजर ने लिखा है कि ‘आपका लिवर भी ट्रांसप्लांट हो चुका है, आप इम्यूनोस्प्रेसैंट दवाओं पर जीवत हैं। मैं आपकी अंग दान करके जिंदगियां बचाने की इच्छा का सम्मान करता हूं, लेकिन माफ कीजिएगा आप वैज्ञानिक तौर पर एक डोनर नहीं हो सकते। जागरूकता के लिए धन्यवाद सर।’
अमिताभ ने बुधवार सुबह अपनी पेंगोलिन मास्क पहने हुए फोटो शेयर की है। जिसमें उन्होंने बताया कि वे शूट पर जाने के लिए निकले हैं। गौरतलब है कि कोरोना को हराने के बाद एक बार फिर अमिताभ बच्चन पूरी ऊर्जा के साथ काम पर लौट आए हैं। वे रोज 15 घंटे शूट करते हैं। बिगबी इनदिनों कौन बनेगा करोड़पति के सीजन 12 में नजर आ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने केबीसी का शुक्रिया करते हुए कहा था कि ‘ उन्हे 20 साल पहले कर्ज से उबारने का काम केबीसी ने किया था।‘
आपको बता दें कि अमिताभ बच्चन की बहू ऐश्वर्या राय भी अपनी आंखें दान कर चुकी हैं। इतना ही नहीं वे नेत्रदान अभियान की ब्रांड एंबेसेडर भी रहीं हैं और लोगों को नेत्रदान के लिए जागरुक करती रहीं हैं।
77 साल की उम्र में भी अमिताभ बच्चन बॉलीवुड में एक्टिव हैं। उनकी फिल्म 'गुलाबो सिताबो' कोरोना काल में ही ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज हुई थी। वहीं 'झुंड', 'चेहरे' और 'ब्रह्मास्त्र' उनकी अपकमिंग फिल्में हैं।