रानू मंडल को मिली नई फिल्म, सरोजनी नायडू की बायोपिक में गाए गाने

रामायण सीरियल की सीता दीपिका चिखलिया स्टारर सरोजनी नायडू फिल्म में मिला गाने का अवसर, ख़ुद दीपिका ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

Updated: Nov 10, 2020, 10:41 PM IST

आखिरकार रानू मंडल को फिल्मों में काम मिलता ही जा रहा है। रानू मंडल ने सरोजनी नायडू की बायोपिक फिल्म में गाने गाए हैं। रामानंद सागर के रामायण सीरियल से पापुलर हुई एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया टोपीवाला फिल्म सरोजिनी में लीड रोल निभा रही हैं। फिल्म सरोजनी के सभी गाने रानू मंडल ने गाए हैं। इसकी जानकारी दीपिका चिखलिया ने सोशल मीडिया पर दी है।

 

दीपिका ने ट्वीट किया है कि उनकी फिल्म सरोजिनी में धीरज मिश्रा के लिखे सभी गानों को रानू मंडल की आवाज में रिकॉर्ड किया है। दीपिका ने ट्वीट में रानू मंडल का वीडियो भी शेयर किया है। जिसमें रानू ने बताया है कि वे धीरज मिश्रा की फिल्म में काम कर रही हैं। उन्होंने फिल्म सरोजिनी के गाने गाए हैं। रानू मंडल ने आशा जताई है कि जनता से जो प्यार और सम्मान उन्हें अब तक मिला है, वह आगे भी मिलता रहेगा। 

 

लॉकडाउन के दौरान दूरदर्शन पर एक बार फिर रामायण का प्रसारण किया गया। जिसके बाद से दीपिका दोबारा सुर्खियों में आ गईं। उन्हीं दिनों दीपिका को सरोजनी नायडू की बायोपिक का ऑफर आया था। 

जबकि रानू मंडल पश्चिम बंगाल के रेलवे स्टेशन पर गाना गाकर तंगहाली में जिंदगी का गुजारा करती थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गाने के बदले कभी पैसे तो कभी खाने का सामान मिल जाता था। वो उसी से अपना पेट भर लेती थीं। एक बार एक यात्री ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया जिसके बाद वह रातों रात स्टार बन गईं। सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर लोगों ने मदद का हाथ बढ़ाया। हिमेश रेशमिया ने फिल्म हैप्पी हार्डी एंड हीर के गाने तेरी मेरी कहानी  गाना रिकॉर्ड किया, जो सुपरहिट साबित हुआ था। 

 रामायण में सीता बनन कर घर-घर में फेमस हुई दीपिका सिल्वर स्क्रीन पर पहली महिला गर्वनर सरोजिनी नायडू के रूप में नजर आएंगी। पिछले दिनों 'सरोजिनी' में उनका लुक सामने आया था।

दीपिका धीरज मिश्रा की दो और फिल्मों में नजर आएंगी। वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय पर बेस्ड फिल्म के साथ फिल्म गालिब में भी काम कर रही हैं। गालिब और दीनदयाल उपाध्याय दोनों फिल्मों के राइटर धीरज मिश्रा हैं। सरोजनी में रानू मंडल के गाए गाने और दीपिका की एक्टिंग देखने का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।