केंद्रीय शिक्षा मंत्री निशंक की बेटी आरुषि करेंगी बालीवुड में एंट्री, मल्टी स्टारर फिल्म वॉर से होगी शुरुआत

केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी आरुषि सिल्वर स्क्रीन पर बिखेरेंगी एक्टिंग का जलवा, तापसी पन्नू, भूमी पेडनेकर के साथ वॉर फिल्म में करेंगी काम

Updated: Feb 08, 2021, 12:16 PM IST

Photo Courtesy: twitter
Photo Courtesy: twitter

केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी आरुषि जल्द ही फिल्मों में नजर आने वाली हैं। वे वॉर फिल्म से सिल्वर स्क्रीन पर अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरेंगी। आरुषि एक कत्थक डांसर, सिंगर, फिल्म प्रोड्यूसर और सोशल एक्टिविस्ट हैं। वे स्पर्श गंगा मुहिम और पेड़ों के संरक्षण के लिए काम कर चुकी हैं। जिसके लिए उन्हें कई बार सम्मानित किया जा चुका है। आरुषि की अपकमिंग फिल्म वॉर एक महिला केंद्रीत फिल्म है।

 

आरुषि की फिल्म मल्टी स्टारर होगी, जिसमें उनके साथ जानी मानी एक्ट्रेस तापसी पन्‍नू, भूमि पेडणेकर, कीर्ति कुल्हारी भी नजर आने वाली हैं। वॉर में सेना की 6 जांबाज लेडी ऑफीसर्स की बहादुरी दर्शक बड़े पर्दे पर देख सकेंगे। जिसमें वे एक सीक्रेट मिशन पर जाकर देश के दुश्मनों के दांत खट्टे करती नजर आएंगी। फिल्म की कहानी का काम लेखक गीतकार प्रसून जोशी की निगरानी में हो रहा है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि आरुषि का रोल दमदार हो सकता है। खबरों की मानें तो प्रसून जोशी केंद्रीय मंत्री के परिवार के काफी करीबी हैं। खबरों की मानें तो वॉर फिल्‍म के डायरेक्‍शन के लिए उरी फेम आदित्‍य धर पहली पसंद बने हुए हैं।  

फिल्म से पहले आरुषि निशंक का एक म्‍यूजिक वीडियो रिलीज होगा। हाल ही में उन्‍होंने टी सीरीज के एक गाने की शूटिंग की है। जिसमें वे रोहित सुचंती के साथ नजर आ रही हैं। आरुषि ने अपने इंस्टा अकाउंट पर इसके फोटो शेयर किए थे। 

दो साल पहले आरुषि को ‘सुपर 100 नेक्स्ट ज़ेन’ में जगह मिली थी। 2019 में दुनियाभर के उन युवाओं को सम्मानित किया गया था, जिन्होंने कम उम्र में किसी खास क्षेत्र में बड़ा अचीवमेंट हासिल किया हो। आरुषि को विमन एंपावरमेंट, पर्यावरण और दुनिया में इंडियन कल्चर और आर्ट को बढावा देने के लिए भी सम्मानित किया जा चुका है।

आरुषि स्पर्श गंगा कैंपेन की राष्ट्रीय संयोजक हैं। 2020 में उन्हें अर्थ डे नेटवर्क स्टार भी चुना गया था। पिछले साल आरुषि ने फिल्म प्रोडक्शन में भी हाथ आजमाया था। उनकी बनाई फिल्म 'मेजर निराला' काफी चर्चा में रही थी। यह पहला मौका नहीं है जब किसी राजनेता के बच्चे फिल्मों में आए हों। जाने माने एक्टर रीतेश देशमुख महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के बेटे हैं।