Crop Loss: किसानों ने कहा हमारी फसलें सुशांत राजपूत हुईं

Farmers Protest: विदिशा के जाफरखेड़ी गांव के किसानों ने सोयाबीन और गन्ने की बर्बाद फसलों को दिया सुशांत सिंह राजपूत का नाम, निकाला विरोध का मीडिया से प्रभावित तरीका

Updated: Aug 31, 2020, 10:05 AM IST

विदिशा। प्रदेश में भारी बारिश के चलते किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। चूंकि खरीफ सीजन में प्रदेश में सबसे ज़्यादा पैदावार सोयाबीन की होती है, लिहाज़ा सोयाबीन की खेती करने वाले किसानों को काफी नुकसान हुआ है। यही हाल बाकी फसलों को तैयार करने वाले किसानों का भी है। विदिशा में अपनी फसलों के बर्बाद होने का आर्थिक दंश झेल रहे किसानों ने विरोध का अलग तरीका ढूंढ निकाला है।

विदिशा के जाफरखेड़ी गांव के किसानों ने सोयाबीन और गन्ने की बर्बाद हुई फसलों को सुशांत सिंह राजपूत नाम दे दिया है। किसानों ने विरोध के दौरान बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की फोटो लगाकर राज्य सरकार से बर्बाद हुई फसलों पर मुआवजे की मांग की है। किसानों ने फसलों के ऊपर सुशांत की फोटो चस्पा कर लिखा है कि 'हमारी फसलें सुशांत हुई।' 

प्रदेश में इस समय बारिश के अलावा अगर कोई सबसे बड़ी समस्या है तो वह सोयाबीन के फसलों की बर्बादी है। हजारों हेक्टेयर में तैयार किए गए सोयाबीन की फसल बर्बाद हो गई है। कांग्रेस लगातार खुद को किसान हितैषी होने का दावा करने वाली शिवराज सरकार से किसानों को मुआवजा देने की मांग कर रही है। इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने शिवराज सिंह चौहान को पत्र भी लिखा है।

ग़ौरतलब है कि मध्य प्रदेश के किसान खाद में मिलावट की वजह से भी परेशान हैं। बैरसिया में खाद में मिलावट की वजह से किसानों की सोयाबीन की फसल बर्बाद हो गई है। मिलावट से प्रभावित किसान राज्य सरकार से फसल बीमा राशि के भुगतान की मांग कर रहे हैं।