पेट की गर्मी बढ़ने पर शरीर में दिखने लगते हैं ये बदलाव, इलाज के लिए अपनाएं ये तरीके

पेट की गर्मी बढ़ने के कई कारण हो सकते हैं, जैसे- शरीर में पानी की कमी, मसालेदार भोजन का सेवन, धूम्रपान और शराब का सेवन या अत्यधिक तनाव होना।

Publish: Nov 11, 2023, 11:54 AM IST

बदलते मौसम के दौरान हमारे शरीर का इम्यून सिस्टम कमजोर पड़ जाता है, जिससे तरह-तरह की बीमारियां हमें जकड़ लेती हैं। लोगों को कई बार पेट की समस्या से भी गुजरना पड़ता है। इसमें से सबसे आम है पेट की गर्मी, जो काफी तकलीफदेह होती है। यह समस्या बेचैनी, पेट दर्द और सूजन जैसी परेशानियां पैदा करती है। अगर यह समस्या लंबे समय तक रहती है, तो गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। इस स्टोरी में हम आपको बताएंगे कि पेट की गर्मी बढ़ने के क्या कारण हैं और इससे कौन-कौन सी बीमारियां हो सकती हैं। साथ ही हम आपको कुछ आयुर्वेदिक उपाय भी बताएंगे, जिनसे आप इस समस्या से राहत पा सकते हैं। 

पेट की गर्मी बढ़ने के कई कारण हो सकते हैं, जैसे- शरीर में पानी की कमी, मसालेदार भोजन का सेवन, धूम्रपान और शराब का सेवन या अत्यधिक तनाव। इसके अलावा, पेट में संक्रमण, अल्सर और गैस्ट्र्रिटिस की समस्या के कारण भी पेट में गर्मी हो सकती है। इस समस्या के दौरान पीड़ित को पेट में गैस, जलन, ब्लोटिंग, उल्टी, भूख का कम लगना, पेट में दर्द, पेट में ऐंठन या दस्त की दिक्कत हो सकती है।

क्या है लक्षण 

मुंह में छाले होना 

पेट में जब जरूरत से ज्यादा गर्मी बढ़ जाती है तो बार-बार मुंह में छाले होने लगते हैं। ये मुंह में फफोले के रूप में सामने आते हैं। ऐसे में जब आपको बार-बार मुंह में छाले हो रहे हों तो समझ जाइएगा कि आपके पेट में गर्मी बढ़ गई है।

सिर दर्द 

पेट में जब गर्मी बढ़ जाती है तो शरीर में दर्द, सिरदर्द बना रहता है। कई बार गर्मी की वजह से सिर दर्द-मतली भी होने लगती है। अगर आपको भी इनमें से कोई समस्या लगातार होती रहती है तो ये पेट की गर्मी की वजह से हो सकता है।

सिर घूमना 

कई बार ऐसा होता है कि लगातार काफी समय तक सिर घूमता रहता है, उल्टी का भी मन हमेशा बना रहता है। ये पेट में गर्मी बढ़ने के कारण भी हो सकता है। पेट में एसिडिटी की समस्या होने पर भी मतली और सिर घूमने के लक्षण देखने को मिलते हैं।

थकान और घबराहट

अगर आपको भी अक्सर थकान और घबराहट की समस्या रहती है तो ये पेट में गर्मी बढ़ने के कारण हो सकता है। शरीर डिहाइड्रेट होने और बीपी कम होने पर भी इस तरह के लक्षण नजर आते हैं।

क्या उपाय करें?

उबले चावल

पेट की गर्मी बढ़ने पर उबले हुए चावल का सेवन करने से भी राहत मिलती है और पाचन की समस्या से निजात मिलती है। पेट की गर्मी बढ़ने पर रोटी की जगह बॉयल चावल कुछ दिन खाना चाहिए।

खीरा से भी मिलती है ठंडक

खीरा खाने से पेट की परत को पोषण और ठंडक मिलती है और राहत महसूस करते हैं। खीरे में पानी की मात्रा अधिक होती है और यह आपके पेट को शांत करने में मदद कर सकती है।

एवोकाडो

एवोकाडो एक आसानी से पचने वाला फल है, जो पेट की गर्मी बढ़ने पर काफी राहत देता है। पेट की जलन के इलाज के लिए एवोकाडो का शेक फायदेमंद माना जाता है।

सौंफ

सौंफ के बीजों को चबाना या सौंफ की चाय का सेवन करना भी पेट के लिए फायदेमंद होता है। सौंफ की चाय पाचन एंजाइमों के स्राव को उत्तेजित करती है और पेट की गर्मी को शांत करती है ।

दही

पेट की गर्मी बढ़ने पर दही को रामबाण औषधि माना जाता है। यह पेट की जलन को कम तेजी से काम करता है। इस बात का ध्यान रखें कि पेट की गर्मी होने पर जब दही का सेवन करें तो इसमें नमक न मिलाएं।