India Nepal Border : नेपाल पुलिस की फायरिंग में एक भारतीय की मौत 2 जख्मी
Nepal Border Dispute : नेपाली संसद द्वारा नया नक्शा जारी करने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में आयी दरार

बिहार के सीतामढ़ी में भारत-नेपाल सीमा पर नेपाली शस्त्र बल द्वारा शुक्रवार को अंधाधुंध फायरिंग की गई। इस दौरान तीन भारतीयों को गोली लगी है जिसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गयी वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायल व्यक्तियों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं एक युवक को नेपाल ने बंधक भी बना लिया है।
यह घटना तब हुई जब शुक्रवार को सीतामढ़ी जिला अंतर्गत सोनबरसा थाना क्षेत्र स्थित पिपरा परसाईन पंचायत के लालबंदी जानकी नगर बॉर्डर पर कुछ लोग खेत में काम कर रहे थे। इस दौरान नेपाल शस्त्र बल के जवानों ने खेत में काम कर रहे लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में जानकी नगर टोले के लालबंदी निवासी 25 वर्षीय विवेक कुमार की मौत हो गयी है वहीं उमेश राम के दाहिने बांह और उदय ठाकुर के दाएं जांघ में गोली लगी है। वहीं उन्होंने एक भारतीय नागरिक लगन राय को बंधक भी बना लिया है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि लगन को गोली लगी है या नहीं।
Bihar: One dead, two injured in firing in Sitamarhi near India-Nepal border, confirms Sashastra Seema Bal IG of Bihar sector. Locals allege it was caused due to firing from Nepal side. pic.twitter.com/zr5YaJN9YE
— ANI (@ANI) June 12, 2020
हालांकि नेपाल प्रहरी ने आरोप लगाया है कि यह लोग शस्त्र बल के जवानों से हथियार छिनने का प्रयास कर रहे थे जिस क्रम में सुरक्षाबलों ने उन्हें गोली मारी है। फिलहाल एसएसबी मामले की छानबीन में जुटी हुई है वहीं बिहार पुलिस के अधिकारी भी सीमा पर पहुंच हालातों का जायजा ले रहे हैं।
दरअसल, नेपाली संसद ने एक नया नक्शा जारी किया था जिसमें भारत के कई हिस्से शामिल हैं। नेपाल का दावा है कि लिपुलेख, कालापानी और लिपियांधुरा उसके क्षेत्र में आते हैं जिसके बाद दोनों देशों के रिश्तों में दरारे आई है। हालांकि भारतीय विदेश मंत्रालय ने साफ किया है कि भारत अपने संप्रभुता के साथ समझौता नहीं करेगा। बता दें कि पिछले महीने ही नेपाली प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने भारत के खिलाफ बयानबाजी करते हुए कहा था कि नेपाल में कोरोना संक्रमण फैलाने के लिए भारत जिम्मेदार है।