व्हाइट हाउस में PM मोदी, बाइडेन फैमिली के साथ किया डिनर, फर्स्ट लेडी को गिफ्ट किया डायमंड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे के दूसरे चरण में वॉशिंगटन डीसी पहुंचे। यहां व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

Updated: Jun 22, 2023, 09:05 AM IST

वॉशिंगटन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने अमेरिका दौरे के दूसरे दिन बुधवार को वॉशिंगटन डीसी पहुंचे। यहां उन्होंने अमेरिका की फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन से वर्जीनिया में आयोजित एक कार्यक्रम में मुलाकात की। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी व्हाइट हाउस पहुंचे. जहां उनका स्वागत अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन ने किया। यहां वे राष्ट्रपति बाइडेन को गले लगाते भी दिखे।

वॉशिंगटन डीसी के ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर गार्ड ऑफ ऑनर देकर पीएम मोदी का स्वागत किया गया। इस दौरान भारत और अमेरिका के राष्ट्रगान की धुन भी बजाई गई। एयरपोर्ट के बाहर हजारों की तादाद में भारतीय समुदाय के लोग भी जमा थे। उन्होंने 'मोदी-मोदी' के नारे लगाए।

व्हाइट हाउस में आयोजित प्राइवेट डिनर में भारत के नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर अजीत डोभाल और अमेरिका के NSA जेक सुलिवन भी मौजूद रहे। डिनर में मेन्यू में बाइडेन के पसंदीदा पास्ता और आइसक्रीम को भी शामिल किया गया। इस दौरान PM मोदी ने अमेरिका की फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन को लैब में बना 7.5 कैरेट का इको-फ्रेंडली ग्रीन डायमंड गिफ्ट किया। 

वहीं, राष्ट्रपति बाइडेन को '10 प्रिंसिपल्स ऑफ उपनिषद' किताब के फर्स्ट एडिशन के साथ ही मैसूर के चंदन से बना एक खास बॉक्स गिफ्ट किया जिसे जयपुर के कारीगरों ने बनाया है। इस बॉक्स के अंदर भगवान गणेश की एक मूर्ति और एक दिये के साथ 10 दान मौजूद हैं। 

पीएम नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति जो बाइडेन को बॉक्स के अंदर जो चीजें दान की हैं वो बेहद खास हैं। इनमें पंजाब का घी, राजस्थान का हाथ से बनाया हुआ 24 कैरेट हॉलमार्क वाला सोने का सिक्का, महाराष्ट्र का गुड़, उत्तराखंड का चावल, तमिलनाडु का तिल, कर्नाटक के मैसूर के चंदन का टुकड़ा, पश्चिम बंगाल के कुशल कारीगरों का बनाया हुआ चांदी का नारियल, गुजरात का नमक शामिल है।

पीएम मोदी से मुलाकात के बाद अमेरिका की फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन ने कहा कि हमारा रिश्ता सिर्फ सरकारों के बारे में नहीं है। हम उन परिवारों और मित्रता का जश्न मना रहे हैं जो दुनिया भर में फैले हुए हैं, जो हमारे दोनों देशों के संबंधों को महसूस करते हैं।