पूर्व PM मनमोहन सिंह के घर लगा क्वारेंटाइन नोटिस

मनमोहन सिंह की एक सहायिका की बेटी कोरोना संक्रमित पाई गई है जो सर्वेंट क्वार्टर्स में रहती हैं। इसलिए मनमोहन सिंह के आवास पर नोटिस लगाया गया है।

Publish: Jun 14, 2020, 02:59 AM IST

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के राजधानी दिल्ली स्थित आवास के बाहर स्वास्थ्य महकमे ने क्वारेंटाइन नोटिस चस्पा किया है। बताया जा रहा है कि मनमोहन सिंह की एक सहायिका की बेटी कोरोना संक्रमित पाई गई है। सहायिका अपने परिवार के संग मनमोहन सिंह के दिल्ली स्थित 3 मोतीलाल नेहरू आवास के भीतर ही बने सर्वेंट क्वार्टर्स में रहती हैं। इसलिए नोटिस लगाया गया है।

मीडिया में चल रही इस खबर ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं में हड़कंप मचा दिया है। सभी अपने स्तर से सच्चाई का पता करने में जुट गए हैं। हालांकि अभी तक की जानकारी के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री की सहायिका की बेटी कोरॉना पॉजिटिव पाई गई है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से मनमोहन सिंह अपने स्वास्थ्य को लेकर लगातार चर्चा में बने रहे हैं। सीने में दर्द कि शिकायत को लेकर उन्हें अस्पताल में भी भर्ती करवाया गया था। दूसरी तरफ दिल्ली में कोरोना मरीजों की तादाद में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यहां जांच करवाने वाला तीन में से एक मरीज कोरोना पॉजिटिव निकल रहा हैं। राजधानी में अब तक 37 हजार के करीब मरीजों की संख्या पहुंच गयी है। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राजधानी में अब तक 1200 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि तकरीबन 14 हजार लोग ठीक होकर वापस लौट चुके हैं।