दुनिया के लिए ये आपदाओं का दशक, हालात नहीं बदले तो गरीबी के दलदल में फंसेंगे: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज मानवता के सामने कई बड़ी चुनौतियां हैं। ये दशक आपदाओं का दशक बन गया है। दुनिया पहले कोरोना, फिर युद्ध और अब ऊर्जा संकट से जूझ रही है।

Updated: May 16, 2026, 05:22 PM IST

हेग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को चेतावनी दी कि मध्य पूर्व में जारी युद्ध और दुनिया में अस्थिरता दशकों के विकास को उलट सकती है। पीएम मोदी ने इस दशक को आपदाओं का दशक करार देते हुए कहा कि यदि हालात नहीं बदले को एक बड़ी आबादी गरीबी के दलदल में फंस जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीदरलैंड के दौरे पर हैं। उन्होंने द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए दुनिया के मौजूदा हालात पर चिंता जताई। पीएम ने कहा, 'आज मानवता के सामने कई बड़ी चुनौतियां हैं। ये दशक आपदाओं का दशक बन गया है। दुनिया पहले कोरोना, फिर युद्ध और अब ऊर्जा संकट से जूझ रही है। अगर हालात नहीं बदले तो बीते कई दशकों के काम पर पानी फिर जाएगा और दुनिया की बहुत बड़ी आबादी गरीबी के दलदल में फंस जाएगी।'

प्रधानमंत्री ने सुरक्षित और पारदर्शी सप्लाई चेन के निर्माण में भारत और नीदरलैंड के बीच बढ़ते सहयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज की वैश्विक परिस्थितियों में, दुनिया लचीली सप्लाई चेन की बात कर रही है, और भारत और नीदरलैंड एक विश्वसनीय और पारदर्शी सप्लाई चेन बनाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने इस दौरान विदेशों में बसे भारतीयों की कहानियों को अनगिनत संघर्षों के बीच प्रगति की कहानियां बताया और भारतीय भाषाओं और परंपराओं को पीढ़ियों से संरक्षित रखने के लिए प्रवासी भारतीयों की प्रशंसा की। भारत की आर्थिक प्रगति पर बात करते हुए हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश दुनिया के तीसरे सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम के रूप में उभरा है और इनोवेशन, मैन्युफैक्चरिंग और ग्रीन एनर्जी का केंद्र बनता जा रहा है।