MP: नरसिंहपुर के जंगल में पेड़ से लटका मिला पत्रकार का शव, जांच में जुटी पुलिस

नरसिंहपुर जिले के बरमान चौकी प्रभारी मनीष मरावी ने बताया कि बरमान चौकी क्षेत्र में सोमवार को पत्रकार का शव जंगल में पेड़ पर फंदे से लटका मिला।

Updated: Jun 30, 2026, 02:38 PM IST

नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जंगल में एक पत्रकार का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक पत्रकार की पहचान सागर जिला निवासी नितिन जैन के रूप में हुई है। जंगल में पत्रकार का शव बरामद होने की घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

नरसिंहपुर जिले के बरमान चौकी प्रभारी मनीष मरावी ने बताया कि बरमान चौकी क्षेत्र में सोमवार को पत्रकार का शव जंगल में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। झाड़ियों के बीच शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मृतक की पहचान सागर जिले के शाहगढ़ निवासी नितिन जैन के रूप में हुई है। युवक का शव बरमान के जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया था। आज मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक नितिन जैन देवरी की ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. पूजा परमार के पति बताए जा रहे हैं। घटना के बाद कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं।

पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का इंतजार करने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। बरमान चौकी पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।