बदनावर में हुई भिड़ंत पर पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज किया मुकदमा, कांग्रेस ने उठाए सवाल

बदनावर में रविवार को कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हुई थी, पूरे मामले में पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया है, जिसका कांग्रेस विरोध कर रही है

Updated: Nov 03, 2020, 08:48 PM IST

Photo Courtesy: DailyO.in
Photo Courtesy: DailyO.in

धार/भोपाल। धार जिले के बदनावर में कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच हुई भिड़ंत का मामला अब तूल पकड़ रहा है। कांग्रेस ने घटनाक्रम के बाद स्थानीय प्रशासन के रवैए पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। जिसका कांग्रेस विरोध कर रही है। 

कांग्रेस ने पूरे मामले में प्रशासन की कार्यप्रणाली के विरोध में आज त्रिमूर्ति चौराहे पर बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा के सामने धरना दिया। ज़िला अध्यक्ष बाल मुकुंद सिंह ने ज़िला बीजेपी नेता राजवर्धन सिंह गौतम पर भी आरोप लगाए हैं। कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष का कहना है कि प्रशासन पूरे मामले में एकतरफा रवैया अपना रहा है। वहीं बीजेपी जिलाध्यक्ष ने कहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रचार कर लौट रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की है। 

क्या है पूरा मामला

दरअसल उपचुनाव के प्रचार के आखिरी दिन रविवार को प्रचार कर लौट रहे बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बहस हो गई। जल्द ही बहस ने हिंसा का रूप अख्तियार कर लिया। और आपसी भिड़ंत में 6 लोग ज़ख्मी जो गए। मारपीट की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दो लोगों की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। 

पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अभिषेक मोदी, ब्लॉक कांग्रेस प्रमुख निरंजन सिंह पवार के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा कांग्रेस आईटी सेल के जिलाध्यक्ष अश्विन पाटीदार, पूर्व कॉरपोरेटर साजिद खान, टिंकू और अर्जुन चौहान के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। कांग्रेस पूरे घटनाक्रम में पुलिस पर एकतरफा रवैया अपनाने का आरोप लगा रही है। जबकि पुलिस का कहना है कि उसने घायलों द्वारा दिए गए बयान के आधार पर मामला दर्ज किया है।