भोपाल के कुठार गांव में खेतों में लगी भीषण आग, 15 एकड़ गेहूं की फसल जलकर हुई खाक
भोपाल के कुठार गांव में शुक्रवार दोपहर आग लगने से 15 एकड़ गेहूं की फसल जल गई। 50 से अधिक ग्रामीणों ने मिलकर काबू पाया जिससे आसपास की 1000 एकड़ फसल बच गई।
भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल जिले के कुठार गांव में शुक्रवार दोपहर अचानक लगी आग ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। आग की चपेट में आकर करीब 15 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी थी। जिसकी वजह से आसपास के करीब 1000 एकड़ में खड़ी फसल पर भी खतरा मंडराने लगा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव के 50 से अधिक लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर ट्रॉलियों के जरिए पानी लाकर आग पर काबू पाया। जिससे बड़ा नुकसान टल गया। अगर समय रहते आग नहीं रोकी जाती तो आसपास के चार से पांच गांवों के किसानों की फसल भी इसकी चपेट में आ सकती थी।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि आग दोपहर में लगी थी और तेज हवा के कारण हालात तेजी से बिगड़ रहे थे।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन इस मामले की जांच में जुटा है। इस बीच हाल ही में जिला प्रशासन ने पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सख्त कदम उठाए हैं। एडीएम सुमित कुमार पांडेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भोपाल जिले में अगले तीन महीने तक पराली जलाने पर प्रतिबंध लागू किया गया है।
प्रशासन ने साफ किया है कि इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज की जाएगी। वर्तमान समय में गेहूं की कटाई का दौर चल रहा है। ऐसे में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। यह न केवल आग जैसी घटनाओं को जन्म देती हैं बल्कि जमीन की उर्वरता को भी नुकसान पहुंचाती हैं।




