BJP के नाराज नेताओं का स्वागत, गद्दारी करने वालों से कोई समझौता नहीं: पूर्व नेता प्रतिपक्ष

अजय सिंह ने कहा कि जिन लोगों ने सिंधिया जी के साथ जाकर कमलनाथ की सरकार गिराई थी, उनके साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पार्टी के साथ गद्दारी की है।

Updated: May 22, 2023, 09:37 AM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार-प्रसार जोरों पर है। कांग्रेस के कद्दावर नेता अजय सिंह राहुल इन दिनों ग्वालियर दौरे पर हैं। ग्वालियर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने सिंधिया पर जमकर हमला बोला। अजय सिंह ने कहा कि गद्दारी करने वालों से हम अब कोई समझौता नहीं करेंगे।

ग्वालियर में प्रेस से बातचीत के दौरान अजय सिंह राहुल ने कहा, 'जिन लोगों ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ जाकर कमलनाथ की सरकार गिराई थी, उनके साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पार्टी के साथ गद्दारी की है अगर वे प्रायश्चित करना चाहते हैं तो पार्टी में शामिल हो सकते हैं, लेकिन टिकट की उम्मीद बिल्कुल ना करें।'

यह भी पढ़ें: MP: शहडोल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, कॉल गर्ल्स के साथ रंगरेलियां मनाते पकड़े गए भाजपा नेता

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, 'जो सिंधिया जी के साथ पार्टी छोड़कर गए हैं वे अब दुखी हैं और कई ऐसे नेता हैं जो पार्टी में फिर से दोबारा आने के लिए लगातार गुहार लगा रहे हैं। अगर कोई भाजपा का नेता दुखी होकर आना चाहता है तो उसका स्वागत है।' टिकट वितरण से जुड़े सवाल के जवाब में सिंह ने कहा कि अबकी बार सर्वे के आधार पर ही टिकट दिया जाएगा। सर्वे में जिसका नाम ऊपर आएगा उसको ही टिकट मिलेगा।

अजय सिंह ने सिंधिया पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि, 'किसी व्यक्ति को कितनी संपत्ति चाहिए, तब जाकर शांति मिलेगी। ऐसा पहली बार देखा है कि संपत्ति की हवस नहीं मिट रही है। यही कारण है कि आगामी विधानसभा चुनाव में संपत्ति हड़पने वाले नेताओं को जनता फिर एक बार सबक सिखाएगी। जनता सब कुछ समझ रही है लोग ग्वालियर में लगातार अधिकारियों के माध्यम से बेशकीमती संपत्ति को अपना हक बता कर ले रहे हैं।'