कल MP में प्रवेश करेगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा, मुरैना से एंट्री और रतलाम से एग्जिट, जानें पूरा शेड्यूल

मुरैना से शुरू होकर यह यात्रा ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, राघौगढ़, राजगढ़, शाजापुर, उज्जैन होते हुए 6 मार्च को रतलाम के सैलाना में पहुंचेगी और यहां से बांसवाड़ा के रास्ते राजस्थान में फिर प्रवेश करेगी।

Updated: Mar 01, 2024, 03:39 PM IST

मुरैना। मध्य प्रदेश में कल यानी 2 मार्च को राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा प्रवेश करने वाली है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली है। तैयारियों का जायजा लेने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आज देर शाम मुरैना पहुंचेंगे और यहां पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। 

दिग्विजय सिंह के साथ पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव व अन्य दिग्गज भी मुरैना पहुंच रहे हैं। सिंह और यादव शुक्रवार दोपहर 3:10 बजे भोपाल से शताब्दी एक्सप्रेस से निकलेंगे और रात के 8:10 बजे मुरैना पहुंचेंगे। शनिवार यानी दोपहर 1:30 बजे यात्रा का राजस्थान के धौलपुर से मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की सीमा में प्रवेश होगा। इस दौरान दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, जीतू पटवारी समेत प्रदेश कांग्रेस के तमाम दिग्गजों की मौजूदगी में ध्वज हस्तांतरण होगा।

और पढ़े: MP में आसमानी आफत से किसान परेशान, दिग्विजय सिंह बोले- 100 फीसदी फसलें बर्बाद हुई, तत्काल सर्वे कराए सरकार

मध्य प्रदेश में यात्रा के दौरान राहुल गांधी अलग-अलग समूहों में सात प्रमुख वर्गों के साथ संवाद करेंगे। इनमें अग्निवीर योजना के उम्मीदवारों, पूर्व सैनिकों, किसानों, पटवारी परीक्षार्थियों, एमपीपीएससी की तैयारी कर रहे युवा और महिलाएं शामिल हैं।

पीसीसी द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक मध्य प्रदेश में यह यात्रा 5 दिन रहेगी। मुरैना से शुरू होकर, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, राघौगढ़, राजगढ़, शाजापुर, उज्जैन होते हुए रतलाम के बाद राजस्थान में फिर प्रवेश करेगी। दो मार्च को दोपहर ढाई बजे मुरैना में अंडर ब्रिज के पास रोड़ शो होगा। शाम 5 बजे यात्रा ग्वालियर पहुंचेगी। यहां चार शहर के नाके पर स्वागत होगा। यहीं से हजीरा चौक तक रोड शो होगा। फिर हजीरा चौक पर ही राहुल गांधी नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। ग्वालियर के गोल्डन लोटस गार्डन में रात्रि विश्राम होगा।

3 मार्च को सुबह 8:30 बजे ग्वालियर के घाटीगांव और 10 बजे मोहना गांव में यात्रा का स्वागत होगा। सुबह 11:30 बजे मोरखेड़ा में आदिवासियों के साथ राहुल गांधी संवाद करेंगे। दोपहर 2 बजे बाबू क्वार्टर शिवपुर से झांसी रोड तिराहा शिवपुर तक रोड शो होगा। इसके बाद शाम 4 बजे कोलारस, 5 बजे लुकवासा में स्वागत होगा। शाम 6:30 बजे बदरवास में नुक्कड़ सभा होगी। बदरवास के पास ईश्वरी में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा।

चार मार्च को सुबह 8:30 बजे गुना जिले के म्याना से यात्रा शुरु होगी। यहां सुबह 9:30 बजे हनुमान चौराहे से एचपी पेट्रोल पंप तक रोड़ शो होगा। दोपहर 12:30 बजे राघौगढ़ में साड़ा कॉलोनी से नए बस स्टेंड तक रोड़ शो होगा। इसके बाद जेपी यूनिवर्सिटी राघौगढ़ में यात्रा का लंच होगा। शाम 5 बजे ब्यावरा के पीपल चौराहे पर आम सभा होगी। वहीं, शाम 6 बजे राजगढ़ के भाटखेड़ी में राहुल गांधी किसानों से संवाद करेंगे।

और पढ़े: बेरोजगारी देश की सबसे बड़ी चुनौती, नौजवानों को रोजगार देने में विफल रही है भाजपा सरकार: कमलनाथ

पांच मार्च को सुबह 8:30 बजे राजगढ़ जिले के पचोर में यात्रा का स्वागत होगा। दोपहर 11:30 बजे शाजापुर के टंकी चौराहे से एचपी पेट्रोल पंप तक रोड शो होगा। वहीं, दोपहर का लंच मक्सी में होगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे राहुल गांधी उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे। राहुल गांधी में पिछली बार भी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 29 नवंबर 2022 को महाकाल के दर्शन किए थे।

6 मार्च को सुबह बड़नगर में राहुल गांधी महिलाओं के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद बड़नगर में सुबह 10 बजे से रोड शो होगा। यहां विशाल पटेल प्रभारी होंगे।
दोपहर 12 बजे बदनावर में राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 3 बजे यात्रा रतलाम पहुंचेगी और यहां राहुल गांधी नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। शाम 4 बजे यात्रा सैलाना पहुंचेगी। यहां नुक्कड़ सभा के बाद यात्रा राजस्थान की सीमा में प्रवेश करेगी।

राहुल गांधी की यात्रा के पूरे रूट पर हर स्थान के लिए पार्टी ने एक नेता को जिम्मेदारी दी है। स्वागत से लेकर रोड शो, नुक्कड़ सभा, दोपहर भोजन, रात्रि विश्राम, संवाद और जनसभा के लिए सीनियर लीडर इंचार्ज बनाए गए हैं।