बीजेपी सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर की तबीयत बेहद खराब, एयर एंबुलेंस से मुंबई रवाना

भोपाल से लोकसभा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को सांस लेने में तकलीफ और हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद मुंबई भेजा गया, कोकिला बेन अस्पताल में होगा इलाज

Updated: Mar 06, 2021, 09:17 PM IST

Photo Courtesy: Aaj tak
Photo Courtesy: Aaj tak

भोपाल। बीजेपी सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया है। शनिवार की दोपहर अचानक हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए मुंबई रेफर किया गया है। सांसद को एयरएंबुलेंस से मुंबई भेजा गया है। दरअसल शुक्रवार से ही उनकी तबीयत खराब थी उनका बीपी हाई था, जो शनिवार को भी सामान्य नहीं हुआ। जिसकी वजह से उन्हें सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है। डाक्टरों की सलाह पर उन्हें मुंबई भेजने का निर्णय लिया गया है।

इससे पहले फरवरी में भी उनका स्वास्थ्य खराब हुआ था तब से वे दिल्ली एम्स में भर्ती थीं। तब भी उन्हें सांस लेने तकलीफ थी। शनिवार को सांसद का स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें एयर एंबुलेंस से मुंबई रवाना किया गया है। उनका इलाज कोकिलाबेन अस्पताल के डाक्टरों की निगरानी में होगा।

शनिवार को प्रज्ञा सिंह ठाकुर को कई बैठकें लेनी थी। बता दें कि वे कोरोना संक्रमण से मुक्त होने के बाद दूसरी बार बीमार हुई है। दिसंबर में वे बीजेपी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बेहोश भी हो गई थीं, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें सम्हाला था।