मध्य प्रदेश में फिर बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, आचार संहिता से पहले 12 IPS अफसरों का हुआ तबादला

आचार संहिता लागू होने से पूर्व मध्य प्रदेश में एक बार फिर बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल की गई है, राज्य सरकार ने 12 IPS अफसरों के तबादले किए हैं, मैहर, पांढुर्णा, खंडवा और आगर मालवा में नए एसपी की तैनाती की गई है।

Updated: Oct 06, 2023, 03:59 PM IST

भोपाल। मध्‍य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पूर्व ट्रांसफर और पोस्टिंग का दौर लगातार जारी है। आलम ये है कि एक-दो दिन में चुनाव आचार संहिता लागू होने वाली है, लेकिन आखिर तक शिवराज सरकार मैदानी जमावट में जुटी हुई है। राज्य शासन ने शुक्रवार को भी भारतीय पुलिस सेवा के 12 अधिकारियों की नवीन पदस्थापना की है।

इसमें नवगठित जिले मैहर और पांढुर्णा में पुलिस अधीक्षकों की पदस्थापना भी की गई है। नए जिले मैहर के पहले एसपी सुधीर कुमार अग्रवाल और पांढुर्ना का एसपी राजेश कुमार त्रिपाठी को बनाया गया है। इसके अलावा आगर मालवा, खंडवा के एसपी बदले गए हैं। खंडवा SP सत्येंद्र कुमार शुक्ला को हटाकर वीरेंद्र कुमार सिंह को खंडवा का नया SP बनाया गया है। आगर मालवा के SP संतोष कोरी को हटाकर विनोद कुमार सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।

यह भी पढ़ें: सांसद केपी यादव का आरोप, सिंधिया समर्थकों ने 20KM तक किया उनकी गाड़ी का पीछा

2006 बैच के आईपीएस अधिकारी आर के हिंगणकर को इंदौर ग्रामीण रेंज का डीआईजी बनाया गया है। 2007 बैच के आईपीएस कुमार सौरभ चंबल रेंज के डीआईजी बने हैं। 2009 बैच की सविता सोहाने शहडोल रेंज की डीआईजी बनी हैं। मनोज कुमार श्रीवास्तव अतिरिक्त पुलिस आयुक्त इंदौर (अपराध) और राम शहर प्रजापति पुलिस उपायुक्त भोपाल बनाए गए हैं। वहीं, सुनील कुमार जैन सागर रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक बनाए गए हैं।

दरअसल, चुनाव के लिहाज से शिवराज सरकार पिछले कई महीनों से मैदानी जमावट कर रही है। इस क्रम में सीएम चौहान अपने चहेते और विश्वसनीय अधिकारियों को इधर उधर भेज रहे हैं। पिछले कुछ महीनों से प्रदेश में ट्रांसफर पोस्टिंग का दौर लगातार जारी है। कांग्रेस इसे ट्रांसफर उद्योग बता रही है। कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने कहा कि प्रदेश में ट्रांसफर पोस्टिंग उद्योग आचार संहिता लगने के चंद दिन पहले तक जारी है। भाजपा को पता है कि सरकार जाने वाली है, ऐसे में अब आखिरी दिनों में भी भाजपा नेता ट्रांसफर-पोस्टिंग के माध्यम से पैसे लूटने में लगे हुए हैं।