भोपाल में कांग्रेस का विशाल प्रदर्शन, राजभवन कूच कर रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने चलाया वॉटर कैनन

पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, अजय सिंह राहुल, जयवर्धन सिंह, जीतू पटवारी, कुणाल चौधरी समेत सैंकड़ों नेता व कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया, जबकि वॉटर कैनन के कारण अनेकों कार्यकर्ता घायल हो गए हैं

Updated: Mar 13, 2023, 05:52 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को कांग्रेस का बड़ा विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला। पीसीसी चीफ कमलनाथ के नेतृत्व में पहली बार राजधानी की सड़कों पर हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्उचा खोल दिया। प्रदेर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि अगले 6 महीने में आपकी निष्ठा की परीक्षा होनी है।

कमलनाथ के संबोधन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जवाहर चौक की ओर कूच किया। कांग्रेस नेताओं ने रंगमहल के नजदीक लगाए बैरिकेड तोड़ दिए और रोशनपुरा की ओर दौड़ लगा दी। यहां दूसरे बैरिकेड पर पुलिस ने वॉटर कैनन से पानी का तेज प्रेशर मारकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पीछे भेजा। इस दौरान कई कांग्रेस नेता घायल भी हो गए।

भिंड युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. राजकुमार के हाथ में चोट आई है। एक अन्य कार्यकर्ता वॉटर कैनन के कारण चोटिल हो गया। बेहोशी की हालत में उसे रेनबो हॉस्पिटल ले जाया गया। उधर पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, अजय सिंह राहुल, जीतू पटवारी, कुणाल चौधरी समेत 50 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस कार्यकर्ताओं को बसों में भरकर प्रदर्शन स्थल से लेकर गयी और कुछ देर थाने में रखने के बाद छोड़ दिया।।

कार्यकर्ताओं पर वॉटर कैनन चलाए जाने को मध्य प्रदेश कांग्रेस ने तानाशाही करार दिया है। कांग्रेस ने इसका वीडियो ट्वीट कर कहा कि इस तानाशाही का अंत निकट है। राजभवन मार्च शुरू होने से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि, 'सबसे बड़ी परीक्षा अगले 6 महीने में आपकी निष्ठा की होने वाली है। विश्वास है कि आपने जिस निष्ठा से 18 साल से कांग्रेस का झंडा उठा रखा है, उसे झुकने न देंगे। आप अपनी कमर कस लें तो कोई नहीं रोक सकता। यह कांग्रेस की नहीं, मध्य प्रदेश के भविष्य की बात है।'

कमलनाथ ने आगे कहा कि, 'आज प्रदेश में हर वर्ग परेशान है। भटकता नौजवान, दुखी किसान, व्यापारी ...सब परेशान घूम रहे हैं। आपको अपना सिर नहीं झुकाना, छाती ठोंक कर कहिए कि 15 महीने की सरकार में हमने क्या-क्या किया। 15 महीनों में हमने अपनी नीति और नीयत का परिचय दिया।' इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने कहा, 'झांसी की रानी के साथ गद्दारी करनेवाले ने जनता की चुनी सरकार गिरा दी। उनमें हिम्मत हो तो इस बार का विधानसभा चुनाव लड़ लें।'