CM Shivraj Singh: मध्य प्रदेश में बनेंगे नर्मदा एक्सप्रेस वे

Independence Day 2020: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा गरीबों के लिए सस्ती बिजली, कन्या पूजा से सरकारी कार्यकम की शुरुआत

Updated: Aug 16, 2020, 07:08 AM IST

भोपाल। 74 वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं की है। उन्होंने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा है कि नर्मदा मध्य प्रदेश की जीवन रेखा है। इसके विकास के लिए प्रदेश में नर्मदा एक्सप्रेस-वे विकसित किया जाएगा। इसके साथ औद्योगिक क्लस्टर भी बनाए जाएंगे, जहां पर निवेश आएगा। इसका विकास चंबल प्रोग्रेस-वे की तर्ज पर ही किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री चौहान ने एलान किया है कि अब बेटियों की पूजा करके ही किसी भी शासकीय कार्यक्रम की शुरूआत होगी। महिला सशक्तिकरण में हमारी सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने ही सरकारी कार्यों में शुभारंभ के मौके पर लड़कियों को सम्मानित करने के लिए 'कन्या पूजा' की शुरुआत की थी। अब हम लाड़ली लक्ष्मी योजना को नए सिरे से शुरू करेंगे।

उन्होंने पुलिसकर्मियों के बेहतर इलाज के लिए भोपाल में अत्याधुनिक अस्पताल बनवाने का एलान किया। वहीं शहीद परिवार को 1 करोड़ की सम्मान राशि देने की घोषणा की है। इस मौके पर सीएम शिवराज ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। साथ ही उन्होंने प्रदेश को स्वावलंबी बनाने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी प्रदेशवासियों से संकल्प लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ की है। उन्होने कहा कि उनके कुशल नेतृत्व से सही समय पर लिए गए सुविचारित निर्णयों के परिणामस्वरूप भारत ने कोरोना संक्रमण से बचाव की दिशा में प्रभावी कार्य किया। प्रधानमंत्री को मोदी मैन ऑफ़ आइडियाज कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन चुनौती भरे समय को अवसर के रूप में लेते हुए उन्होंने आत्म-निर्भर भारत का जो मंत्र दिया है उस पर प्रदेश तेज गति से चल रहा है।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं की

  • निशुल्क खाद्यान्न प्रदाय का महाअभियान आरंभ होगा।
  • "मेधावी विद्यार्थी योजना" तथा सभी विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क पढ़ाई की व्यवस्था।
  • मेधावी विद्यार्थियों को वितरित होंगे लैपटॉप।
  • प्रदेश में प्रारंभ होंगे सर्वसुविधायुक्त व गुणवत्तापूर्ण "सीएम राइज स्कूल"
  • महिला स्वसहायता समूहों को इस वर्ष 1300 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण 4 प्रतिशत ब्याज दर पर मिलेगा
  •  "एक जिला एक उत्पाद" के सिद्धांत पर होगी जिलों की ब्रांडिंग।
  • बेटियों की पूजा से आरंभ होंगे शासकीय कार्यक्रम। बेटी बचाओ अभियान नए सिरे से प्रारंभ होगा।
  • आदिवासियों एवं गरीबों को साहूकारों के चंगुल से मुक्त कराने का अभियान। नियमों के विपरीत 15 अगस्त 2020 तक दिए गए ऋण शून्य होंगे। आवश्यक कानून लाया जाएगा।
  • पुलिस कर्मियों के लिए भोपाल में बनेगा 50 बिस्तरीय सर्वसुविधायुक्त अस्पताल।
  • 2023 तक 1 करोड़ नल कनेक्शन का लक्ष्य। हर घर तक नल के माध्यम से जल।
  • सभी नागरिक सुविधाएं ऑन लाइन उपलब्ध करायी जाएंगी।
  • नर्मदा एक्सप्रेस-वे से नर्मदांचल में उद्योगों, ईको टूरिज्म और धार्मिक गतिविधियों को प्रोत्साहन।
  • नये उद्योगों की स्थापना में सरलता के लिए "स्टार्ट योर बिजनिस इन थर्टी डेज" योजना प्रारंभ होगी।
  • प्रदेश के नागरिकों का "सिंगल सिटीजन डाटाबेस" तैयार होगा।
  • ग्रामीण जनता को उनके आवासीय भूखंड पर मालिकाना हक दिया जाएगा।
  • कर्मचारियों को देय सभी लाभ दिए जाएंगे।
  • कोरोना काल की तरह आगे भी गरीबों के लिए सस्ती बिजली।