Bhind : कोरोना से पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष की मृत्यु

भिंड के पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शांति स्वरूप शाक्य की जाँच रिपोर्ट 13 जुलाई को आई थी पॉजिटिव

Updated: Jul 27, 2020, 06:37 AM IST

भिंड। भिंड के पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शांति स्वरूप शाक्य का कोरोना के कारण निधन हो गया है।13 जुलाई को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें ग्वालियर के ज़िला अस्पताल में भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान रविवार सुबह शान्ति स्वरूप शाक्य की मौत हो गई। भिंड ज़िले में कोरोना के कारण यह पहली मौत है। 

शान्ति स्वरूप शाक्य को तबीयत बिगड़ने पर 10 जुलाई की दोपहर को भिंड ज़िला अस्पताल लाया गया था। तबियत में सुधार न होने पर उन्हें अगले दिन ग्वालियर रेफर कर दिया गया। 13 जुलाई को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद उन्हें ग्वालियर के ज़िला अस्पताल में आइसोलेट कर दिया गया। हालांकि 21 जुलाई को दोबारा उनकी कोरोना जांच की गई, जिसमें उनकी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई थी। लेकिन तबियत में सुधार न होने के चलते उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं किया गया। ज़िन्दगी और मौत से जूझ रहे शांति स्वरूप शाक्य ने रविवार को दुनिया को अलविदा कह दिया। वे 2008-09 और 2010-11 में भिंड नगरपालिका के अध्यक्ष रह चुके थे।