आज से शुरू होगा कांग्रेस का सदस्यता अभियान, पीसीसी चीफ कमल नाथ करेंगे शुरुआत

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी राष्ट्रीय स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने जा रही है, यह अभियान मार्च 2022 तक चलेगा

Publish: Nov 01, 2021, 03:28 AM IST

भोपाल। सोमवार से कांग्रेस पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू होने जा रहा है। राजधानी भोपाल में कांग्रेस के सदस्यता अभियान की शुरुआत पीसीसी चीफ कमल नाथ करेंगे। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से इस सदस्यता अभियान की शुरुआत होगी।

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने तमाम पदाधिकारियों और विधायकों को अपने क्षेत्र में सदस्यता अभियान की शुरुआत करने के लिए निर्देश दिए हैं। कांग्रेस पार्टी ने अपने तमाम जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, विधायक, मोर्चा संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठ के अध्यक्षों से अपने अपने क्षेत्रों में दोपहर बारह बजे से सदस्यता अभियान की शुरुआत करने के लिए कहा है। 

कांग्रेस पार्टी का यह सदस्यता अभियान आज शुरू हो रहा है। जो कि मार्च 2022 तक चलेगा। कांग्रेस में होने वाले संगठनात्मक चुनावों के मद्देनजर भी इस सदस्यता अभियान को अहम माना जा रहा है। 

पिछले महीने कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाई गई थी। जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर सदस्यता अभियान चलाए जाने का फ़ैसला किया गया था। इसके साथ ही नवंबर महीने में ही महंगाई के मुद्दे पर भी कांग्रेस पार्टी व्यापक प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। 14 से 29 नवंबर तक राष्ट्रीय स्तर पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।