कांग्रेस का मिशन विंध्य, दिग्विजय सिंह ने रीवा में मंडलम-सेक्टर अध्यक्षों को सिखाए चुनाव प्रबंधन के गुर

विंध्य क्षेत्र में कांग्रेस की वापसी के लिए दिग्विजय सिंह ने संभाला मोर्चा, सतना के बाद आज रीवा में कांग्रेस मंडलम-सेक्टर अध्यक्षों की ली बैठक, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर

Updated: Mar 11, 2023, 06:05 PM IST

कांग्रेस का मिशन विंध्य, दिग्विजय सिंह ने रीवा में मंडलम-सेक्टर अध्यक्षों को सिखाए चुनाव प्रबंधन के गुर

रीवा। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजसभा सांसद दिग्विजय सिंह विंध्य क्षेत्र के दौरे पर हैं। सिंह का यह दौरान विंध्य फतह के लिए कांग्रेस की विशेष रणनीति का हिस्सा है। इस दौरे के दौरान पूर्व सीएम पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर रहे हैं और उनके सुझावों को नोट कर रहे हैं। इसी क्रम में सिंह ने शनिवार को रीवा विधानसभा क्षेत्र के मंडलम-सेक्टर अध्यक्षों की बैठक ली और उन्हें चुनाव प्रबंधन का गुर सिखाया।

रीवा विधानसभा के कांग्रेस के मंडलम-सेक्टर की बैठक की शुरुआत दिग्विजय सिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल, रीवा जिले के संगठन प्रभारी पूर्व सांसद प्रताप भानु शर्मा, सह प्रभारी दुर्गेश पटेल, जिला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, महापौर अजय मिश्रा सहित तमाम मंडलम सेक्टर अध्यक्ष मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: चमत्कार दिखाओ और एक करोड़ रुपये ले जाओ, धीरेंद्र शास्त्री को आयुर्वेदाचार्य ने दी खुली चुनौती
 
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सिंह ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि बूथ स्तर पर कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता सक्रीय हो जाएं तो हमें चुनाव जीतने से कोई भी ताकत नहीं रोक सकती। पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस के लोगों को परेशान किया जा रहा है, उन्हें जेल में डाला जा रहा है। हमें पीड़ित कार्यकर्ताओं की लड़ाई लड़ने के लिए संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता है, तब ही ज़मीनी स्तर पर लड़ाई लड़ी जा सकती है। 

पूर्व सीएम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कहा कि हमारी लड़ाई आरएसएस के विरुद्ध है जो कोई धरना-प्रदर्शन नही करती, कोई बड़ी मीटिंग नहीं करती सिर्फ गुप चुप बैठकें कर अफवाह फैलाती है, समाज को तोड़ने का काम करती है। हमें ऐसे संगठन से लड़ने के लिए सभी को घर-घर जाकर सच्चाई बतानी होगी, तब ये लड़ाई जीती जा सकती है। सिंह ने इस दौरान मंडलम-सेक्टर के अध्यक्षों की बात सुनी और उनके सवालों का जवाब दिया साथ ही एक-एक कार्यकर्ता का सुझाव भी सुना और उन्हें नोट किया।

सिंह ने इसके बाद रीवा विधानसभा क्षेत्र के युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई सहित सभी प्रकोष्ठों के नेताओं व कार्यकर्ताओं की बैठक में भी शामिल हुए। यहां उन्होंने अपने चिर परिचित अंदाज में कार्यकर्ताओं को मंच दिया और स्वयं मंच से नीचे बैठे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपने नेता के सामने जब खुला मंच मिला तो उन्होंने भी खुलकर अपने मन की बात कही।

यह भी पढ़ें: सीएम शिवराज की मौजूदगी में चोरी हुए प्रभुराम चौधरी के जूते, 50 से अधिक पुलिसकर्मी भी नहीं पाए ढूंढ

बता दें कि रविवार को दिग्विजय सिंह रीवा के मनगंवा और त्यौंथर विधानसभा में सेक्टर और मंडलम की बैठक लेंगे। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में वह कांग्रेस के निर्वाचित जनपद सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों, पार्षदों, एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस और सेवा दल कार्यकर्ताओं के साथ एक अलग मीटिंग करेंगे। सिंह का यह विंध्य दौरा आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से कांग्रेस के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।