भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे CS इकबाल बैंस और ललित बेलवाल के खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत करेगी कांग्रेस

पोषण आहार समेत अन्य योजनाओं में हुए भ्रष्टाचार को लेकर लोकायुक्त में शिकायत करेगी कांग्रेस, 1 बजे लोकायुक्त कार्यालय पहुंचेंगे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, सांसद विवेक तन्खा और पूर्व विधायक पारस सकलेचा।

Updated: Aug 28, 2023, 12:48 PM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार भ्रष्टाचार के आरोपों से चौतरफा घिरी हुई है। CAG और CVC की हालिया रिपोर्ट में विभिन्न योजनाओं में भ्रष्टाचार का खुलासा होने के बाद कांग्रेस ने राज्य सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। विभिन्न योजनाओं में घोटालों को लेकर कांग्रेस अब चीफ सेक्रेटरी इकबाल सिंह बैंस और आजीविका मिशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ललित मोहन बेलवाल के खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत करेगी।

बताया जा रहा है कि रतलाम के पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने दोनों अधिकारियों के विरुद्ध एफिडिविट तैयार की है। सकलेचा के साथ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विवेक तन्खा, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव भी सोमवार दोपहर 1 बजे लोकायुक्त कार्यालय पहुंचेंगे। साथ ही सीनियर वकीलों की एक टीम भी लोकायुक्त कार्यालय जाएगी जिनमें दो पूर्व सॉलिसिटर जनरल शशांक शेखर और अजय गुप्ता शामिल हैं। कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधिमंडल दोपहर दो बजे पीसीसी मुख्यालय में प्रेस को भी संबोधित करेगा।

ललित मोहन बेलवाल आजीविका मिशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी हैं। बेलवाल पर आजीविका मिशन में करोड़ों के भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं।
वहीं, इकबाल सिंह बैंस मध्य प्रदेश के चीफ सेक्रेटरी हैं। बैंस को दूसरी बार 6 महीने का एक्सटेंशन मिला है। उनका कार्यकाल मई 2023 में खत्म होने वाला था। लेकिन सरकार ने उन्हें 1 जून से 30 नवंबर 2023 के लिए एक्सटेंशन दिया है। 

हाल ही में राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा में इकबाल सिंह बैंस की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए थे। तन्खा ने उन्हें कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए शनिवार तक इस्तीफा देने का अल्टीमेटम भी दिया था। कांग्रेस नेता ने कहा था कि बैंस को खुद रिटायरमेंट लेकर इज्जत से चले जाना चाहिए नहीं तो हम उन्हें मध्य प्रदेश में पॉलिटिक्स नहीं करने देंगे। इससे पहले विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह भी निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर प्रदेश के चीफ सेक्रेटरी इकबाल सिंह बैंस को हटाने की मांग कर चुके हैं।