चांद को हिंदू राष्ट्र घोषित करें, शिव शक्ति प्वाइंट को बनाएं राजधानी, स्वामी चक्रपाणि की अजीबोगरीब मांग

जिस जगह पर चंद्रयान-3 उतरा है, उस स्थान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिव शक्ति पॉइंट घोषित किया है। मैं चाहता हूं कि संसद में प्रस्ताव लाकर चांद को हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाए और शिव शक्ति पॉइंट को उसकी राजधानी बनाया जाए: स्वामी चक्रपाणि

Updated: Aug 28, 2023, 04:50 PM IST

नई दिल्ली। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। पीएम मोदी ने घोषणा की है कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग वाली जगह को शिवशक्ति प्वाइंट कहा जाएगा। इस नामकरण के बाद तरह तरह के बयान सामने आ रहे हैं। इसी बीच हिंदू महासभा के अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि ने चांद को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग की है। साथ ही कहा कि शिवशक्ति प्वाइंट को उसकी राजधानी बनाया जाए।

अखिल भारत हिंदू महासभा/संत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि ने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने चांद पर जहां चंद्रयान-3 के उतरने वाली जगह का नाम शिव शक्ति पॉइंट रखा है और इसकी घोषणा की है। लेकिन इसी के साथ मैं चाहता हूं कि इसके पहले कि कोई और विचारधारा के लोग, और देशों के लोग वहां पर जाकर के वहां गजवा-ए-हिंद न बनाएं, इसलिए चांद को हिंदू सनातन राष्ट्र के रूप में घोषित किया जाए।'

स्वामी चक्रपाणि ने पीएम मोदी को सुझाव दिया कि वे संसद में प्रस्ताव लाकर चांद को हिंदू राष्ट्र घोषित करें और शिव शक्ति पॉइंट को उसका राजधानी बनाएं।स्वामी चक्रपाणि ने कहा, 'हिंदू सनातनियों का चंदा मामा से पुराना संबंध है। चांद का हमारे यहां शास्त्रों में अनेक प्रकार का जिक्र है। मैं चाहता हूं कि चांद की शुद्धता और पवित्रता बनी रहे। इसके पहले कि कोई दूसरा जाकर के वहां (चांद) पर जिहाद करे, वहां पर जाकर के कट्टरपंथी विचारधारा को फैलाए, आतंकवाद को फैलाए, चांद को एक हिंदू सनातन राष्ट्र घोषित कर देना चाहिए।'

स्वामी चक्रपाणि ने ऐलान करते हुए कहा कि जैसे ही चांद पर आना जान सुलभ होता है हम शिवशक्ति प्वाइंट पर भगवान शिव, मां पार्वती और भगवान गणेश का भव्य मंदिर हम बनाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि चंद्रमा पर पहला अधिकार हिंदू सनातन धर्मियों का है इसलिए पाकिस्तान अपने ध्वज से हमारे चंद्रमा देवता की प्रतीक को हटाए अन्यथा संयुक्त राष्ट्र संघ में मानहानि केस करेंगे। बता दें कि पीएम मोदी ने शनिवार को ये भी कहा था कि चंद्रयान-2 ने 2019 में चांद की सतह पर जहां अपने पदचिह्न छोड़े थे, उसे तिरंगा प्वाइंट कहा जाएगा और 23 अगस्त का दिन राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाया जाएगा।