प्रकाश टाटा के एक करोड़ के चैलेंज से धीरेंद्र शास्त्री का इनकार, बोले मैं कोई फरमाइशी गीत नहीं

आयुर्वेदाचार्य ने धीरेंद्र शास्त्री को चमत्कार दिखाने का चैलेंज दिया था, प्रकाश टाटा ने कहा था कि वह अपने मन की बात बताने पर धीरेंद्र शास्त्री को एक करोड़ रुपए देंगे

Publish: Mar 13, 2023, 02:12 PM IST

भोपाल। छतरपुर के बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री ने आयुर्वेदाचार्य प्रकाश टाटा का चैलेंज मानने से इनकार कर दिया है। धीरेंद्र शास्त्री ने आयुर्वेदाचार्य की चुनौती अस्वीकार करते हुए कहा है कि वे कोई फरमाइशी गीत नहीं हैं जो किसी के कहने भर पर चमत्कार दिखाने लगें। 

रविवार को धीरेंद्र शास्त्री से जब मीडिया ने प्रकाश टाटा की चुनौती से जुड़ा सवाल किया तो धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि मैं कोई फरमाइशी गीत नहीं हूं। कितनी बार मैंने चुनौती स्वीकार नहीं किए, कितनी बार मैंने परीक्षा नहीं दी। मैं हर समय यही नहीं कर सकता। धीरेंद्र शास्त्री ने आगे प्रकाश टाटा द्वारा दी गई चुनौती को लेकर कहा कि उन्होंने सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसी चुनौती दी है।

हाल ही में छिंदवाड़ा के रहने वाले प्रकाश टाटा ने धीरेंद्र शास्त्री को उनके मन की बात पढ़ने की चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर धीरेंद्र शास्त्री उनके मन की बात को पर्चे में लिख देंगे तो वह अपनी मुंबई स्थित आत्म सम्मान संस्था की ओर से एक करोड़ रुपए का चेक देंगे। 

यह भी पढ़ें : चमत्कार दिखाओ और एक करोड़ रुपये ले जाओ, धीरेंद्र शास्त्री को आयुर्वेदाचार्य ने दी खुली चुनौती

प्रकाश टाटा ने कहा था कि मेरे लिखे गए पत्र और धीरेंद्र शास्त्री द्वारा लिखे गए पर्चे को कम्प्यूटर के द्वारा स्कैन किया जाए। यदि एक समान होता है तो मैं उन्हें एक करोड़ दूंगा और अगर ऐसा नहीं होता तो वह मुझे ग्यारह लाख देंगे। प्रकाश टाटा ने कहा था कि धीरेंद्र शास्त्री अंधविश्वास फैला रहे हैं और उनका उद्देश्य इसी अंधविश्वास को फैलने से रोकना है।