दिग्विजय सिंह ने की बरखेड़ी धाम की परिक्रमा, पथरीले रास्तों पर 18 KM नंगे पांव चले पूर्व सीएम

दिग्विजय सिंह ने बुधवार देर रात बैरसिया तहसील स्थित देव बरखेड़ी धाम की 18 किलोमीटर की नंगे पांव परिक्रमा पूरी कर बरखेड़ी मंदिर में बिराजे देवनारायण भगवान के दर्शन किए।

Updated: Aug 17, 2023, 10:54 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह बुधवार को बैरसिया क्षेत्र में स्थित देव बरखेड़ी धाम पहुंचे। यहां उन्होंने देव नारायण भगवान के दर्शन और बरखेड़ी धाम की परिक्रमा की। सिंह ने दोपहर 3 बजे देव बरखेड़ी तीर्थ क्षेत्र की परिक्रमा शुरू की जो देर रात संपन्न हुई। खास बात ये है कि पूर्व सीएम पथरीले रास्तों पर 18 किमी नंगे पांव चले।

देव बरखेड़ी धाम में भगवान देवनारायण जी की प्रतिमा है, जिन्हें गुर्जर समाज का प्रथम पूज्य भगवान माना जाता है। अधिक मास के दौरान ग्राम देव बरखेड़ी में स्थित देवनारायण भगवान व बाबा रामदेवजी के प्रसिद्घ तीर्थ क्षेत्र की परिक्रमा करने की मान्यता है। इस दौरान समूचे मध्य प्रदेश से हजारों श्रद्धालु पैदल परिक्रमा करने देव बरखेड़ी पहुंचते हैं।

दिग्विजय सिंह के साथ हजारों श्रद्धालुओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी इस परिक्रमा में हिस्सा लिया। सिंह इस दौरान लोगों से उनकी समस्याओं को लेकर बातचीत करते भी नजर आए। देर रात करीब साढ़े नौ बजे परिक्रमा संपन्न होने के उपरांत दिग्विजय सिंह बैरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम इमला में स्थित आचार्य विद्यासागर गुरुकुल पहुंचे। जहां गुरुकुल के छात्रों ने पूर्व सीएम का स्वागत किया।

मान्यता है कि अधिकमास में बरखेड़ी धाम तीर्थ क्षेत्र की परिक्रमा करने से पुण्य प्राप्त होता है। भगवान की कृपा बनी रहती है। यही वजह है कि यहां अधिकमास के मौके पर प्रदेश भर से लोग परिक्रमा करने पहुंचते हैं। राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में सिंह के इस धार्मिक यात्रा को चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। 

दरअसल, देवनारायण भगवान को गुर्जर समाज का प्रथम पूज्य भगवान माना जाता है। बैरसिया विधानसभा में 50 हजार के करीब गुर्जर मतदाता हैं। सिंह के पैदल परिक्रमा के कारण गुर्जर वोटर्स कांग्रेस के पक्ष में गोलबंद होंगे। साथ ही इस यात्रा में प्रदेशभर के गुर्जर समुदाय के लोग शामिल होते हैं। मध्य प्रदेश के करीब एक दर्जन सीटों पर गुर्जर समाज निर्णायक स्थिति में है। ऐसे में इस धार्मिक यात्रा को आगामी विधानसभा चुनाव की जमीनी स्तर पर तैयारियों के रूप में भी देखा जा रहा है।

हालांकि, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने स्वयं कहा कि इसे राजनैतिक चश्मे से देखना अनुचित होगा। सिंह ने ट्वीट किया, 'बीते 40 साल से बरखेड़ी धाम पर प्रभु देवनारायण के प्रति मेरी आस्था रही है। यहाँ के पंडा जी से हमारे पारिवारिक रिश्ते रहे हैं। अधिक मास में बाबा आलोकनाथ व गोरखनाथ गुफाओं की परिक्रमा करने की प्रबल इच्छा थी। प्रभु ने मेरी इच्छा पूर्ति की। इसे राजनैतिक चश्मे से देखना अनुचित होगा।'