Digvijaya Singh: MP से 10 वीं पास तो मिले सरकारी नौकरी

Unemployment in Madhya Pradesh: दिग्विजय सिंह ने कहा है कि लगातार बढ़ती जा रही है बेरोज़गारी, कोरोना काल में चला गया कई लोगों का रोजगार

Updated: Aug 10, 2020, 12:36 AM IST

भोपाल। कांग्रेस के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा है कि राज्य के शासकीय सेवाओं में मध्य प्रदेश के छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था होनी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के अनुसार ऐसे छात्र जो राज्य के रहने वाले हैं तथा जिन्होंने मध्य प्रदेश से ही दसवीं और बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण हो, केवल उन्हीं को राज्य के शासकीय सेवाओं में लिया जाए। 

यूथ कांग्रेस आज अपने स्थापना दिवस पर देश में बढ़ती बेरोज़गारी को लेकर सोशल मीडिया पर रोजगार दो अभियान चला रही है। जिसके अन्तर्गत यूथ कांग्रेस सभी से अपना वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने का आह्वान कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि मध्य प्रदेश में लगातार बेरोज़गारी बढ़ती जा रही है। विशेष तौर पर कोरोना के समय में जिनके पास रोज़गार थी, महामारी के प्रकोप के कारण उनका भी रोजगार खत्म हो गया है।

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह का कहना है कि प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था करने के लिए प्रदेश की शासकीय सेवाओं में राज्य के युवाओं के लिए विशेष व्यवस्था करने की जरूरत है। उन्होंने अपने मुख्यमंत्री काल में जिन लोगों ने राज्य से ही दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं उत्तीर्ण की थी, केवल उन्हीं छात्रों को शासकीय सेवाओं के लिए योग्य मानने का नियम बनाया था। लेकिन प्रदेश में बीजेपी सरकार ने आते ही इस नियम को बदल दिया।

दिग्विजय सिंह ने कहा है कि लेकिन अब प्रदेश के युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए फिर से उस नियम को लागू करने की जरूरत है। उन्होंने राज्य की वर्तमान सरकार से शासकीय सेवाओं में राज्य के युवाओं को ही पात्र मानने हेतु नियम बनाने के लिए कहा है।