हिंदू राष्ट्र बनाने का भ्रम न पालें, यह देश संविधान से चलेगा: भोपाल में बहुजनों ने भरी हुंकार
एक भी दलित, आदिवासी, OBC या मुसलमान को कोई भी परेशानी हुई तो हम ईंट से ईंट बजा देंगे, राजधानी भोपाल में बहुजन नेताओं ने खोला बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आज दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग के संगठनों का बड़ा शक्ति प्रदर्शन चल रहा है। इस जनसभा में शामिल होने आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद रावण और भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विनय रतन सिंह भी पहुंचे हैं। बहुजन नेताओं ने यहां आरएसएस और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, "हिंदू राष्ट्र बनाने का भ्रम न पालें, यह देश संविधान से चलेगा।"
भेल दशहरा मैदान में उपस्थित जनसैलाब को संबोधित करते हुए भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह ने कहा कि हमारी मांगें बहुत सारी हैं। आज सामाजिक न्याय यात्रा का समापन भी है। हम सिर्फ यह बताने आए हैं कि अगर हमारे अधिकारों को कोई छीनेगा तो हम संवैधानिक आंदोलन करेंगे। शासन को बताएंगे कि यह लोकतांत्रिक देश है।
आरक्षण के समर्थन में भोपाल जाम।#12फरवरी_चलो_भोपाल pic.twitter.com/E9aL6RnO3T
— Sunil Astay (@SunilAstay) February 12, 2023
प्रदर्शन में आए सरजीत सिंह ने कहा, "मैं उत्तर प्रदेश सरकार में जाट कमिश्नर के पद पर था। मैंने इस्तीफा दे दिया है। बहुजन समाज की लड़ाई में आ गया हूं। हमारा लक्ष्य इस देश में बहुजनों की सरकार बनाना है। कुछ लोगों को लगता है कि वे हिंदू राष्ट्र बना लेंगे, तो यह उनकी गलतफहमी है। देश संविधान से चलेगा। एक भी दलित, SC/ST, OBC, मुसलमान को कोई भी परेशानी हुई तो हम ईंट से ईंट बजा देंगे।"
इस कार्यक्रम में शामिल होने राजगढ़ से आए रामेश्वर मालवीय ने कहा कि, 'आरक्षण कोई गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम नहीं है। गरीबी उन्मूलन के लिए सरकार कई योजना चला रही है। मामला सामाजिक अधिकार का है। हजारों सालों से बहुजनों को आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक रूप से बहिष्कृत किया गया। हम समाज में अपना प्रतिनिधित्व मांग रहे हैं। हम भीख नहीं मांग रहे... अपना अधिकार मांग रहे हैं। हजारों साल तक हमें हमारे अधिकारों से वंचित रखा गया... अब और नहीं।'
सुना है भीम आर्मी का जनसैलाब देख कर शिवराज मामा के होश उड़ गये।
— Azad Samaj Party - Maharashtra (@Asp4Maharastra) February 12, 2023
इतना डर की इंटरनेट तक बंद करवा दिया।
इलेक्शन आ रहे है इसका जवाब आपको तभी दिया जाएगा।
इस हैशटैग पर ट्वीट करें सभी।#भीमआर्मी_से_डरा_शिवराज#भीमआर्मी_से_डरा_शिवराज pic.twitter.com/ewINdvAsm3
भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव दानिश खान ने कहा, "सिर्फ जातिगत आरक्षण को खत्म करने की मांग ही क्यों होती है? मनुवादी लोग कभी ये मांग क्यों नहीं करते की समाज से जाति व्यवस्था को खत्म कर दिया जाए। आजाद भारत में 75 साल बाद भी जब जाति व्यवस्था खत्म नहीं हो सकी तो आरक्षण कोई कैसे खत्म कर सकता है?" विजन ऑफ बाबा साहब वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडविन भारतीय शूद्र झाबुआ ने कहा कि झाबुआ में आदिवासियों की संपत्ति छीनी जा रही हैं। मैं यहां SC/ST एक्ट और आरक्षण के समर्थन में आया हूं।
2 लाख पार, आरक्षण जिन्दाबाद।#12फरवरी_चलो_भोपाल
— Sunil Astay (@SunilAstay) February 12, 2023
बता दें कि ये प्रदर्शन जातिगत जनगणना करवाने, प्रदेश सरकार से प्रमोशन में आरक्षण का कानून बनवाने, आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करवाने जैसी 15 से ज्यादा मांगों को लेकर हो रहा है। शनिवार देर शाम से ही भेल दशहरा मैदान पर कार्यकर्ताओं का जमघट शुरू हो गया था। भोपाल में पहली बार भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी का इतना बड़ा शक्ति प्रदर्शन हो रहा है। आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार आस्तेय ने दावा किया कि इस शक्ति प्रदर्शन में 2 लाख लोग शामिल होने पहुंचे हैं। OBC नेता प्रीतम लोधी, व्यापम कांड के व्हिसिल ब्लोअर डॉ. आनंद राय भी इसमें शामिल हुए हैं।