शादी के नाम पर धोखा देकर भागी फर्जी दुल्हन, लुटेरी दुल्हन गैंग की तलाश में जुटी पुलिस

रतलाम निवासी युवक से बैतूल निवासी लड़की ने की फर्जी शादी, सोने-चांदी की ज्वैलरी, कैश लेकर हुई फरार, दुल्हन समेत 5 आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Updated: Nov 12, 2021, 09:47 AM IST

रतलाम। जिले के आबूखेड़ी गांव में एक शख्स की शादी की खुशियां चंद दिनों में काफूर हो गई, जब उसे पता चला की उसकी दुल्हन घर के लाखों के जेवर औऱ रुपए लेकर भाग गई है। मामला आलोट थाना इलाके का है, यहां एक लुटेरी दुल्हन गैंग ने विधुर की फर्जी शादी करवाई। फिर बहाना बनाकर उससे डेढ़ लाख रुपए  और गहने ऐंठ कर फरार हो गए।

फरियादी कालू सिंह रतलाम के आबूखेड़ी गांव का रहने वाला है। उसकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। घर में कोई उसकी बुजुर्ग मां की देखभाल करने वाला कोई नहीं था। इस बीच खंडवा और बैतूल के कुछ लोगों से उसका परिचय हुआ, उन्होंने उसकी परेशानी दूर करने के लिए एक रिश्ता बताया। गैंग के लोगों ने शातिर तरीके से अगस्त में एक युवती से शादी करवा दी।

फिर दुल्हन और उसके परिजनों ने किसी बहाने से मंदिर बुलाया और उससे डेढ़ लाख रुपए, सोने का मंगलसूत्र और चांदी के पायल लेकर भाग खड़े हुए। फरियादी की शादी अगस्त महीने में हुई थी, जिसके चंद दिनों बाद ही लुटेरी दुल्हन ससुराल से माल लेकर चंपत हो गई थी। कालूसिंह ने कई दिनों तक इतंजार के बाद मामले की शिकायत आलोट थाना पुलिस में की। पुलिस ने दुल्हन बबीता ठाकुर समेत पांच आरोपियों पर धोखाधड़ी का ममला दर्ज किया है।

गैंग के लोग दुल्हन के फर्जी माता पिता बने थे,वहीं दो अन्य लोग रिश्तेदार बनकर शादी में शामिल हुए थे। इनकी शादी की रस्में आलोट के अनादि कल्पेश्वर मंदिर में हुई थी। दोनों की शादी में मिडिएटर बने शख्स ने शादी के बदले डेढ़ लाख रुपए कैश दुल्हन के परिजनों को दिलवाए। वहीं चढ़ावे के तौर पर सोने-चांदी के गहने दुल्हन को भेंट करवाए।

शादी के बाद दुल्हन बीमारी का बहाना बनाकर पति से अलग रह रही थी, जिसके बाद फर्जी माता पिता ने स्वास्थ्य लाभ के लिए पूजा के बहाने से उसी मंदिर में बुलाया और फिर फरियादी युवक को किसी काम से मंदिर से बाहर भेजा और लड़की लेकर फरार हो गए। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने लुटेरी दुल्हन और उसके नकली माता पिता के समेत 5 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है। अब पुलिस लुटेरी गैंग की तलाश में जुटीहै।