देवास में दो पक्षों में गोलीबारी, भाजयुमो नेता के पिता और भाई की हत्या, एक गंभीर रूप से घायल

मध्य प्रदेश के देवास में रविवार को दो परिवारों के बीच पुराने विवाद को लेकर गोलीबारी हुई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल है।

Updated: Jun 11, 2023, 03:45 PM IST

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में दो पक्षों के बीच गोलीबारी की खबर सामने आ रही हैं। फायरिंग में भाजयुमो नेता के पिता और भाई की मौत की खबर है। बताया जा रहा है कि यह गोलीबारी आपसी रंजिश के चलते हुई है। हालांकि, भाजपा इसे सियासी रंग देने में जुट गई है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के एजेंटों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया है।

देवास एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि घटना जिला मुख्यालय से करीब 80 किमी की दूर की है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। घटना सतवास थानाक्षेत्र अंतर्गत गोलागांव की है। शुरुआती तौर पर पता चला है कि आपसी रंजिश के चलते जाट समाज के दो परिवार में विवाद हुआ था। रविवार को ग्राम गोलागुठान के ही गोदरा वा देदड़ परिवार के बीच कहासुनी के बाद विवाद हो गया था। 

विवाद में गोदरा परिवार के तीन सदस्यों को गोली लगी जिसमें से  राजेश गोदारा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कैलाश गोदारा की इंदौर ले जाते समय मौत हो गई। मृतक कैलाश भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अनिल गोदारा के पिता जबकि राजेश चचेरे भाई हैं। परिवार के ही एक अन्य व्यक्ति सुनील को घायल अवस्था में इंदौर ले जाया गया है।

बताया जा रहा है कि  पीड़ित गोदारा परिवार और आरोपी देदड़ परिवार के बीच पुरानी रंजिश के चलते विवाद हो गया था। विवाद इतना बड़ा कि बात बंदूक तक पहुंच गई। दोनों परिवार जाट समाज से आते हैं। मुख्य आरोपी वरुण की दादी गांव की सरपंच हैं। सतवास पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

उधर, भारतीय जनता पार्टी इस हत्याकांड को सियासी रंग देने में जुट गई है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने ट्वीट किया, "लाड़ली बहना योजना से बौखलाए कांग्रेसी एजेंटों ने देवास के सतवास में भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अनिल गोदरा के पिता और भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। केवल इसलिए कि वह लाड़ली बहना योजना की तारीफ कर रहे थे।"