कांग्रेस नेता विवेक तिवारी का निधन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी के पोते थे विवेक

रीवा के कांग्रेस नेता विवेक तिवारी बाबला का किडनी की बीमारी के चलते निधन, दिल्ली में चल रहा था इलाज

Updated: Mar 27, 2021, 07:27 AM IST

दिल्ली। कांग्रेस के दिग्गज नेता श्रीनिवास तिवारी के पोते और कांग्रेस नेता डाक्टर विवेक तिवारी 'बाबला'  का निधन हो गया है। शनिवार को दिल्ली के जेके हॉस्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली। 47 वर्षीय विवेक तिवारी लंबे वक्त से किडनी और लीवर की बीमारी से पीड़ित थे। शनिवार सुबह किडनी फेल हो जाने की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी जिसके बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

डाक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो सके। 47 वर्षीय डॉक्टर विवेक तिवारी करीब एक महीने से दिल्ली के अस्पताल में भर्ती थे। विवेक कांग्रेस के सक्रिय नेता थे। वे सिरमौर विधानसभा से 2013 में कांग्रेस के विधानसभा प्रत्याशी थे। इससे पहले वे तीन बार जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। राजनीतिक परिवार के विवेक के राजनीतिक करियर की शुरुआत छात्र जीवन से हो गई थी। उन्होंने रीवा में यूथ कांग्रेस की जिम्मेदारी भी सम्हाली थी।  

2013 में वे सिरमौर से कांग्रेस प्रत्याशी थे। कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले विवेक ने बीजेपी को तगड़ी टक्कर दी थी बावजूद इसके उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2018 में उनकी पत्नी अरुणा तिवारी सिरमौर प्रत्याशी थीं। विवेक तिवारी के परिवार में उनकी पत्नी अरुणा तिवारी एक बेटा और बेटी हैं। उनके माता-पिता और दादा का पहले ही निधन हो चुका है।