MP में दस्तक से पहले कमजोर पड़ा मॉनसून, रफ्तार धीमी होने के बावजूद 15 जून से पहले होगी एंट्री

मॉनसून की रफ्तार धीमी पड़ने के चलते प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक प्री मॉनसून का असर कम देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने आज मध्य प्रदेश के 43 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Updated: Jun 01, 2025, 12:32 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में मॉनसून की दस्तक के बाद अब गति धीमी हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 मई को देश में मॉनसून की एंट्री के बाद अब तक यह 17 राज्यों में फैल चुका है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के चलते एमपी सहित देश के अन्य राज्यों में मानसून अब देरी से पहुंचेगा। अब मानसून लगभग 8 से 10 दिन की देरी से प्रदेश में प्रवेश करेगा।

केरल और मुंबई में सामान्य से 8 से 10 दिन पहले दस्तक देने वाला मॉनसून अब कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के चलते मॉनसून की रफ्तार धीमी हो गई है। और अब देश के अन्य राज्यों में मॉनसून देरी से पहुंचेगा। IMD ने अगले 8 से 10 दिनों के बाद फिर से मानसून के आगे बढ़ने की संभावना जताई है। हालांकि, मॉनसून की रफ्तार धीमी होने के बावजूद मध्य प्रदेश में तय समय यानी 15 जून तक या उससे पहले मॉनसून दस्तक दे सकता है।

वर्तमान में मध्य प्रदेश में या तो बारिश हो रही है या फिर उमस लोगों को परेशान कर रही है। बीते 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश में ऐसा ही मौसम देखने को मिला है।मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश की कुछ जगहों पर जोरदार बारिश हुई। वहीं कुछ शहरों में तेज धूप और उमस ने लोगों को खासा परेशान किया। पिछले 24 घंटे के दौरान शहडोल, अनूपपुर, सागर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, सतना, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, श्योपुरकलां, शिवपुरी, गुना, मुरैना, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, आगर, शाजापुर, उज्जैन, बैतूल और नर्मदापुरम जिलों में बारिश का दौर देखा गया। वहीं श्योपुरकलां में धूल भरी आंधी चली। शाजापुर में 73 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के 43 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 43 जिलों में आंधी, तूफान और बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, शाजापुर, आगर, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, पन्ना, दमोह, सागर और पांढुर्णा जैसे जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।