दोस्त पर चाकुओं से किया वार, नहीं बच पाई युवक की जान, हत्यारा दोस्त फरार

राजधानी भोपाल का मामला, एक दोस्त ने चाकुओं से गोदकर अपने ही दोस्त की जान ले ली, हत्या के बाद आरोपी पुलिस की चंगुल से फरार चल रहा है

Publish: Jul 26, 2021, 05:30 AM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल में एक दोस्त ने अपने ही दोस्त की जान ले ली। दोस्त की हत्या के बाद से ही आरोपी फरार है। पुलिस उसे ढूंढने का प्रयास कर रही है। अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आरोपी के पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि उसने दोस्ती जैसे रिश्ते को तारतार क्यों किया? 

22 वर्षीय फैज़ कुरैशी भोपाल के इस्लाम नगर में रहा करता था। वह एक ऑटो चालक था। रविवार रात को वह अपने दोस्त सफीक के साथ सईदिया स्कूल ग्राउंड में बैठा हुआ था। अचानक सफीक ने फैज़ पर चाकुओं से वार करना शुरू कर दिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर लोग आनन फानन में जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक सफीक फरार हो चुका था। 

फैज़ को आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया। लेकिन फैज़ की जान नहीं बच सकी। सफीक और फैज़ के ग्राउंड में एक साथ बैठे होने की बात अमान नामक युवक ने मीडिया को बताई है। अमान ने बताया कि जिस ग्राउंड में सफीक फैज़ के साथ बैठा हुआ था, उससे थोड़ी ही दूरी पर वह भी अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। 

फैज़ के शरीर पर सात से आठ बार चाकुओं से वार किया गया था। लेकिन आखिर सफीक ने अपने ही दोस्त फैज़ की हत्या किसलिए की? यह अब भी बड़ा सवाल है। सफीक की गिरफ्तारी तक इस राज से पर्दा उठ पाना अभी मुश्किल है। पुलिस मामले की जांच करने के साथ साथ सफीक को भी ढूंढ रही है।