BCCI का 2025-26 सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट जारी, रोहित-कोहली का डीमोशन, ग्रेड A में गिल, बुमराह और जडेजा

बीसीसीआई ने 2025-26 के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर सबको चौंका दिया है। ए+ कैटेगरी खत्म कर विराट कोहली और रोहित शर्मा को ग्रेड बी में डिमोट किया गया है। जबकि, शुभमन गिल, बुमराह और जडेजा ग्रेड ए में शामिल किया गया हैं।

Updated: Feb 10, 2026, 07:15 PM IST

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टी20 विश्व कप के बीच 2025-26 सत्र के लिए खिलाड़ियों के वार्षिक सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर दिया है। इस बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बड़ा बदलाव करते हुए ए+ कैटेगरी को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। अब खिलाड़ियों को केवल तीन ग्रेड यानी ए, बी और सी में रखा गया है। नए कॉन्ट्रैक्ट में कुल 30 पुरुष खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। जबकि, सीनियर विमेंस टीम की 21 खिलाड़ियों को भी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया गया है।

नई सूची में वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को ग्रेड ए में जगह दी गई है। यह श्रेणी अब सर्वोच्च मानी जाएगी क्योंकि पहले शीर्ष स्तर पर मौजूद ए+ ग्रेड को समाप्त कर दिया गया है। हालांकि, बीसीसीआई ने अभी तक नई रिटेनरशिप फीस की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। इससे पहले ए ग्रेड खिलाड़ियों को पांच करोड़ रुपये, बी ग्रेड खिलाड़ियों को तीन करोड़ रुपये और सी ग्रेड खिलाड़ियों को एक करोड़ रुपये दिए जाते थे। जबकि, समाप्त की गई ए+ कैटेगरी में शामिल खिलाड़ियों को सात करोड़ रुपये मिलते थे।

यह भी पढ़ें:T-20 World Cup 2026: मैच के दौरान खिलाड़ियों के साथ नहीं रहेंगी पत्नियां और मंगेतर, BCCI का सख्त फैसला

सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में सबसे बड़ा बदलाव यह रहा कि पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को ग्रेड ए से हटाकर ग्रेड बी में डाल दिया गया है। दोनों खिलाड़ी अब केवल वनडे फॉर्मेट में ही खेल रहे हैं क्योंकि वे टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। ग्रेड बी में कोहली और रोहित के अलावा वॉशिंगटन सुंदर, केएल राहुल, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल, टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर भी शामिल हैं। वॉशिंगटन सुंदर को पिछली बार की तुलना में प्रमोशन मिला है। जबकि, श्रेयस अय्यर की भी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में वापसी हुई है।

ग्रेड सी में 16 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें अक्षर पटेल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, ध्रुव जुरेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, नीतीश कुमार रेड्डी, अभिषेक शर्मा, साई सुदर्शन, रवि बिश्नोई और ऋतुराज गायकवाड़ शामिल हैं। साई सुदर्शन को पहली बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है। वहीं, इस बार मोहम्मद शमी, सरफराज खान, रजत पाटीदार और मुकेश कुमार और ईशान किशन को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर रखा गया है। शमी लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेल पाए हैं जिसे उनकी अनुपस्थिति की बड़ी वजह माना जा रहा है।

.यह भी पढ़ें:भोपाल में MBBS छात्रा की संदिग्ध मौत, हॉस्टल के बाथरूम में बंद मिला शव

बीसीसीआई ने यह बदलाव केवल पुरुष टीम के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में ही नहीं बल्कि महिला टीम के अनुबंध में भी किया है। महिला टीम की ओर से कप्तान हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा को ग्रेड ए में शामिल किया गया है। ग्रेड बी में रेणुका ठाकुर, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष, स्नेह राणा को जगह मिली है। जबकि, ग्रेड सी में राधा यादव, अमनजोत कौर, यास्तिका भाटिया, अरुंधति रेड्डी, हरलीन देओल, उमा चेत्री, प्रतिका रावल, क्रांति गौड़, श्री चरानी, काशवी गौतम, जी. कमलिनी, वैष्णवी शर्मा, तेजल हसबनीस को शामिल किया गया है।

यहां सबसे ज्यादा चर्चा युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को लेकर हो रही है। किशन मौजूदा समय में टी20 विश्व कप टीम का हिस्सा हैं और हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी उन्होंने प्रभावी प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद उन्हें सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सूची में जगह नहीं मिल सकी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसका कारण उनका फॉर्म नहीं बल्कि घरेलू क्रिकेट से दूरी और बीसीसीआई के निर्धारित चयन मानदंड को पूरा नहीं कर पाना बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:ग्वालियर में आवारा कुत्तों का आतंक, पांच दिन में तीन लोगों की रैबीज से मौत

बीसीसीआई के नियमों के मुताबिक, सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के लिए खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट में नियमित रूप से भाग लेना और चयन के लिए उपलब्ध रहना जरूरी होता है। साथ ही खिलाड़ियों को तय मानदंड भी पूरा करना होता है। जिसमें एक साल के दौरान कम से कम तीन टेस्ट, दस टी20 या आठ वनडे मुकाबले खेलने की शर्त शामिल है।