T-20 World Cup 2026: मैच के दौरान खिलाड़ियों के साथ नहीं रहेंगी पत्नियां और मंगेतर, BCCI का सख्त फैसला

टी20 वर्ल्ड कप के बीच बीसीसीआई ने खिलाड़ियों को परिवारों को साथ रहने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। प्रदर्शन सुधारने और अनुशासन के लिए यह सख्त नियम लागू की गई है।

Updated: Feb 10, 2026, 05:49 PM IST

टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारतीय खिलाड़ियों को बीसीसीआई ने बढ़ा झटका दिया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों के साथ उनके परिवारों को रहने की अनुमति नहीं दी है। बीसीसीआई ने इस मुद्दे पर अपनी नीति को बरकरार रखते हुए साफ कर दिया है कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ी केवल टीम के साथ ही रहेंगे। टीम मैनेजमेंट की ओर से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया था लेकिन बोर्ड ने मौजूदा नियमों में किसी भी तरह की छूट देने से इनकार कर दिया है।

बीसीसीआई की पॉलिसी के अनुसार, 45 दिनों से अधिक लंबे किसी भी दौरे या टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के परिवार अधिकतम 14 दिन तक उनके साथ रह सकते हैं। जबकि, छोटे दौरे में यह अवधि केवल सात दिन तय की गई है। हालांकि, बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि टी20 वर्ल्ड कप अभियान के दौरान यह छूट लागू नहीं होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड का कहना है कि परिवार खिलाड़ियों के साथ टीम होटल या आधिकारिक टूर का हिस्सा बनकर नहीं रहेंगे। हालांकि, यदि कोई परिवार सदस्य अलग से आना चाहता है तो वह अपनी निजी व्यवस्था के तहत रह सकता है।

यह भी पढ़ें:भोपाल में MBBS छात्रा की संदिग्ध मौत, हॉस्टल के बाथरूम में बंद मिला शव

यह फैसला पहले से लागू नियमों के तहत ही लिया गया है। खिलाड़ियों के परिवारों को साथ ले जाने पर रोक का नियम कोविड 19 महामारी के दौरान अस्थायी रूप से हटा दिया गया था लेकिन जनवरी में इसे फिर से लागू कर दिया गया था। यह निर्णय टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम के हालिया निराशाजनक प्रदर्शन के बाद लिया गया था। साल 2024 में भारत को घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 से टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी थी। वहीं, 2024-25 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम को 1-3 से हार का सामना करना पड़ा था।

बोर्ड अधिकारियों का मानना है कि विशेष रूप से विदेशी दौरों के दौरान परिवारों की मौजूदगी खिलाड़ियों का ध्यान भटका सकती है जिससे उनके प्रदर्शन पर असर पड़ता है। इसी वजह से बीसीसीआई ने यह भी अनिवार्य किया था कि खिलाड़ी हर समय टीम के साथ ही यात्रा करेंगे और व्यक्तिगत रूप से अलग यात्रा की अनुमति नहीं होगी।

यह भी पढ़ें:ग्वालियर में आवारा कुत्तों का आतंक, पांच दिन में तीन लोगों की रैबीज से मौत

वहीं, टूर्नामेंट की बात करें तो भारतीय टीम ने अपने टी20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ जीत दर्ज कर की है। पहले मुकाबले में टीम को बल्लेबाजी में संघर्ष करना पड़ा था और कप्तान सूर्यकुमार यादव को छोड़कर अन्य बल्लेबाज खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे। अब टीम इंडिया 12 फरवरी को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ शाम 7 बजे से अपना दूसरा मुकाबला खेलेगी।