बड़वानी में भीषण सड़क हादसा, दो बस आपस में टकराए, 10 लोग घायल

हादसे में 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें एंबुलेंस की मदद से नजदीकी जुलवानिया और सेंधवा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया

Publish: Sep 09, 2023, 03:45 PM IST

Image courtesy- NDTV
Image courtesy- NDTV

बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह दो यात्री बसों में आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनो ही बसों के परखच्चे उड़ गए। इस घटना में दोनों ही बसों के ड्राइवर बुरी तरह से घायल हो गए। इसके साथ साथ बसों में बैठे लगभग दस लोग भी घायल हो गए है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना सुबह करीब 8:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि खरगोन के नेशनल हाईवे क्रमांक तीन पर बालसमंद चेक पोस्ट पर एक यात्री बस क्रमांक एम पी 10पी 0419 खरगोन से धूलिया की तरफ जा रही थी, वहीं दूसरी यात्री बस क्रमांक एम पी 09 एफए 0046 मुंबई से इंदौर की ओर जा रही थी। इस दौरान दोनों बसें टकरा गईं।

हादसे में 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें एंबुलेंस की मदद से नजदीकी जुलवानिया और सेंधवा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। फ़िलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही खरगोन की बालसमंद और ओझर पुलिस चौकी दल सहित चौकी प्रभारी मौके पर पहुंच गए और घायलों को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया। फिलहाल घायलों का इलाज चल रहा है और पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है।