जबलपुर: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नाजिया इलाही खान पर FIR, पैगंबर मोहम्मद के विरुद्ध टिप्पणी का है आरोप
नाजिया इलाही खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मुस्लिम समाज, अधिवक्ताओं और महाकौशल लॉ एसोसिएशन द्वारा पिछले चार दिनों से लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था।
जबलपुर। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नाजिया इलाही खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। खान के खिलाफ पैगंबर मोहम्मद साहब पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मध्य प्रदेश में कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। जबलपुर के हनुमानताल थाना पुलिस ने इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज की है। चूंकि घटना मध्य प्रदेश के बाहर की बताई जा रही है, इसलिए पुलिस अब प्रकरण को आगे की जांच के लिए संबंधित राज्य की पुलिस को भेजेगी।
पुलिस के अनुसार मामला 45 वर्षीय शवाब खान की शिकायत पर दर्ज किया गया है। हनुमानताल थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। सीएसपी हेमंत कुमार ने इसकी पुष्टि की है। नाजिया इलाही खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मुस्लिम समाज, अधिवक्ताओं और महाकौशल लॉ एसोसिएशन द्वारा पिछले चार दिनों से लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था।
गुरुवार को बड़ी संख्या में अधिवक्ता, मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि और मुस्लिम महिलाएं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और प्रकरण दर्ज करने की मांग की। लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मामला दर्ज करने के निर्देश दिए, जिसके बाद देर रात जीरो एफआईआर दर्ज की गई।
महाकौशल लॉ एसोसिएशन ने एफआईआर दर्ज होने को "सत्य और संघर्ष की जीत" बताते हुए नाजिया इलाही खान के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाने की मांग की है। वहीं गोहलपुर क्षेत्र में मुस्लिम महिलाओं ने भी विरोध प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि नाजिया इलाही खान स्वयं को "सनातनी मुस्लिम" बताती हैं और समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास कर रही हैं।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि नाजिया इलाही खान के खिलाफ मुंबई, बरेली और मुरादाबाद सहित देश के कई हिस्सों में पहले से भी विभिन्न प्रकरण दर्ज हैं। जबलपुर पुलिस अब कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर केस डायरी संबंधित अधिकार क्षेत्र की पुलिस को भेजने की तैयारी कर रही है।




