इंदौर: पूर्व सांसद व समाजवादी नेता कल्याण जैन का निधन, लंबे समय से थे बीमार

जैैन को इंदौर की जनता ने छठी लोकसभा मेें सांसद के रुप में दिल्ली भेजा था। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का सफर पार्षद से शुरू किया था। वे 1967 में विधायक का चुनाव जीते थे। इसके अलावा वे 1962 में पार्षद बने।

Updated: Jul 13, 2023, 01:00 PM IST

इंदौर। इंदौर के पूर्व सांसद व समाजवादी नेता कल्याण जैन का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे। बुधवार रात उनकी तबीयत खराब होने के बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। डाक्टरों ने उन्हें आईसीयू मेें भर्ती किया। हालांकि, सुबह उन्होंने दम तोड दिया।

समाजवादी आंदोलन से जुड़े कल्याण जैन आपातकाल के बाद बने राजनीतिक मोर्चा जनता पार्टी के समय इंदौर से सांसद बने थे। उनकी अंतिम यात्रा गुरुवार शाम साढ़े चार बजे स्कीम नंबर 71 से पंचकुईया मुक्तीधाम जाएगी। जैैन को इंदौर की जनता ने छठी लोकसभा मेें सांसद के रुप में दिल्ली भेजा था। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का सफर पार्षद से शुरू किया था। वे 1967 में विधायक का चुनाव जीते थे। इसके अलावा वे 1962 में पार्षद बने।

सांसद कल्याण जैन के समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह से आत्मीय संबंध थे। सिंह जब इंदौर आते थे तो वे कल्याण जैन के घर जाते थे और दाल बाफले का भोजन करना पसंद करते थे। कल्याण जैन के पुत्र के विवाह में वर्ष 1994 में मुलायम सिंह इंदौर आए थे। जैन समाजवादी पार्टी में महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे।