मनचलों के डर से छोड़ दी पढ़ाई, घर में भी घुसकर करने लगे छेड़छाड़, इंदौर के नाबालिग किशोरी की आपबीती

इंदौर में डीआईजी ऑफिस के बाहर 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने की आत्मदाह का प्रयास, रसूखदार मनचले यहां वहां लगाते हैं हाथ, स्कूल जाना छोड़ा तो अब घर में घुसकर करते हैं छेड़छाड़

Updated: Jul 10, 2021, 04:37 AM IST

Photo Courtesy: MPBreaking
Photo Courtesy: MPBreaking

इंदौर। छेड़छाड़ से परेशान होकर एक नाबालिग किशोरी ने शुक्रवार को इंदौर डीआईजी कार्यलय के बाहर आत्मदाह की कोशिश की। खुद पर किरोसिन तेल छिड़ककर 16 वर्षीय किशोरी माचिस जला पाती की वहां मौजूद लोगों ने समय रहते उसे बचा लिया। लड़की यह कदम उठाने पर इसलिए मजबूर हुई क्योंकि रसूखदार मनचलों के छेड़छाड़ से वह परेशान थी।

लड़की ने डीआईजी को आवदेन में जो आपबीती सुनाई है वह रूह कंपाने वाली है। पीड़िता के मुताबिक मोहल्ले के चार मनचले उसे देखकर भद्दे-भद्दे कमेंट करते थे। इसके बाद रास्ते में वे छेड़छाड़ पर उतारू हो गए। घर से निकलने पर कोई हाथ पकड़ लेता तो कोई उसके बदन पर इधर-उधर हाथ लगाता। तंग आकर नाबालिग ने घर से बाहर निकलना और यहां तक कि स्कूल जाना भी छोड़ दिया।

यह भी पढ़ें: MP में टूटी मुर्गी की टांग, पुलिस ने तत्काल कराया मेडिकल टेस्ट, आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज

लेकिन इतने से समस्या का समाधान नहीं हुआ। चारों आरोपी उसके घर में घुसकर चाकू की नोंक पर छेड़छाड़ करने लगे। वे धमकी देते की यदि वह उनके कहे अनुसार नहीं करेगी तो उसका बलात्कार कर वीडियो वायरल कर देंगे। इतना ही नहीं उसके घरवालों के साथ भी मारपीट की। तंग आकर उसके परिवार ने किराए का वह मकान भी खाली कर दिया।

पीड़िता के मुताबिक वह इस बात की शिकायत लेकर 2 महीने से पलासिया थाने का चक्कर काट रही है लेकिन रसूखदार होने की वजह से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तो दूर पुलिस ने एफआईआर तक नहीं दर्ज की है। इसीलिए उसने आत्मदाह करने का फैसला लिया। लड़की की शिकायत पर आनन फानन में हरकत में आई पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, यब घटना मध्यप्रदेश पुलिस के कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।