स्वच्छता में इंदौर का सिक्सर: लगातार छठी बार बना देश का सबसे स्वच्छ शहर, MP नंबर 1 स्टेट
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए इंदौर मॉडल पूरे देश में लागू करने की आवश्यकता बताई।

इंदौर। स्वच्छ सर्वेक्षण अवार्ड में एक बार फिर इंदौर ने बाजी मारी है। लगातार 6वीं बार इंदौर ने देश के 'सबसे स्वच्छ शहर' का खिताब हासिल किया है। स्वच्छता सर्वेक्षण-2022 के नतीजों में एक बार फिर मध्य प्रदेश का भी डंका बजा है। राजस्थान-महाराष्ट्र को पछाड़ कर मध्य प्रदेश देश का सबसे स्वच्छ राज्य बन गया है। पिछले सर्वेक्षण में मध्य प्रदेश की रैंकिंग तीन थी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में आज़ादी @75 स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के सबसे स्वच्छ राज्यों और शहरों को सम्मानित किया। इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए इंदौर मॉडल पूरे देश में लागू करने की आवश्यकता बताई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त की है। सीएम चौहान ने ट्वीट किया, 'बधाइयां! शुभकामनाएं! अभिनंदन! गर्व है मुझे स्वच्छता के शिखर पर सुशोभित इंदौर पर, गर्व है मुझे इंदौर की जनता पर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में इंदौर को देश का सबसे स्वच्छ शहर होने का गौरव प्राप्त करने पर देवतुल्य जनता, समस्त जनप्रतिनिधियों एवं टीम एमपी के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई।'
बधाइयां! शुभकामनाएं! अभिनंदन!
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) October 1, 2022
गर्व है मुझे स्वच्छता के शिखर पर सुशोभित इंदौर पर,
गर्व है मुझे इंदौर की जनता पर।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में इंदौर को देश का सबसे स्वच्छ शहर होने का गौरव प्राप्त करने पर देवतुल्य जनता, समस्त जनप्रतिनिधियों एवं टीम एमपी के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई। https://t.co/RVo6iGpbfL
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि, 'मार्गे स्वच्छता विराजते, ग्रामे सुजना: विराजते। स्वच्छता हमारा संकल्प, हमारी जीवनशैली और हमारा आग्रह है। इंदौर में स्वच्छता के नए मानक स्थापित कर आज देश में अपना गौरवपूर्ण अनुपम स्थान बनाया है।'
बता दें कि साल 2016 में जब सिर्फ 73 शहर थे। तब भी इंदौर नंबर-1 पर रहा था। इस बार 4355 शहर इस दौड़ में शामिल थे। फिर भी इंदौर ने नंबर-1 का तमगा हासिल किया।