वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू न कराने पर भड़के रवि शाष्त्री, टीम मैनेजमेंट पर उठाए गंभीर सवाल

पूर्व कोच रवि शास्त्री ने 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू ना कराने पर टीम इंडिया मैनेजमेंट पर सवाल उठाए हैं। शास्त्री का मानना है कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर वैभव को मौका मिलना चाहिए था।

Updated: Jul 02, 2026, 06:17 PM IST

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अब तक अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका नहीं दिए जाने पर टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठाए हैं। शास्त्री का मानना है कि आयरलैंड दौरा वैभव को भारतीय टीम में उतारने का सबसे उपयुक्त अवसर था लेकिन उन्हें दोनों मैचों में बेंच पर बैठाए रखा गया। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में भी प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के बाद इस फैसले को लेकर बहस और तेज हो गई है।

सोनी स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान रवि शास्त्री ने कहा कि वैभव को आयरलैंड में जरूर खिलाया जाना चाहिए था। उनके अनुसार, वहां की पिच धीमी थी, गेंद रुककर आ रही थी और मैदान भी अपेक्षाकृत छोटे थे। ऐसे हालात वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी के लिए बिल्कुल अनुकूल थे। शास्त्री ने कहा कि अगर वह वहां खेलते तो विपक्षी गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी हो जाते। उन्होंने अपने बयान में एक मुहावरे का इस्तेमाल करते हुए कहा कि वैभव आयरलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर देते।

यह भी पढ़ें:MP में सरकारी रिकॉर्ड से गायब हुआ आदिवासियों का गांव, ग्रामीणों ने शुरू किया आंदोलन

पूर्व कोच ने कहा कि टीम मैनेजमेंट को जितनी जल्दी हो सके वैभव को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मौका देना चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि आईपीएल 2026 में वैभव ने लगभग हर बड़े तेज गेंदबाज के खिलाफ रन बनाए और पूरे टूर्नामेंट में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। शास्त्री ने सवाल उठाया कि जब एक बल्लेबाज घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहा है तो उसे केवल बेंच पर बैठाए रखना समझ से परे है।

रवि शास्त्री ने वैभव को भारतीय टीम का एक्स फैक्टर बताते हुए कहा कि 15 साल की उम्र में वह बिना किसी मानसिक दबाव के खेलते हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उनके मुताबिक, अगर वैभव शुरुआती दो-तीन ओवर भी टिक जाते हैं तो टीम को इतनी तेज शुरुआत मिल सकती है जिसका फायदा पूरा मध्यक्रम उठा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ी के लिए टीम में जगह निकालनी ही होगी।

यह भी पढ़ें:बेंगलुरु की पत्थर खदान में बड़ा हादसा, चट्टान गिरने से 9 मजदूरों की मौत और कई घायल

वैभव को लगातार मौका नहीं मिलने पर पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि जितनी देर तक वैभव का डेब्यू टलता जाएगा उनके ऊपर उतना ही अधिक दबाव बढ़ेगा। हालांकि, गावस्कर का मानना है कि 15 साल की उम्र में खिलाड़ी दबाव के बारे में ज्यादा नहीं सोचता लेकिन जब भी मौका मिलेगा तब उससे तुरंत प्रदर्शन की उम्मीद जरूर की जाएगी।

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भी भारतीय टीम के चयन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि समझ से परे है कि आयरलैंड जैसी सीरीज में वैभव को मौका क्यों नहीं दिया गया। वहीं, पूर्व इंग्लैंड कप्तान एलिस्टर कुक ने भी कहा कि वह एक प्रशंसक के तौर पर वैभव की बल्लेबाजी देखने का इंतजार कर रहे हैं।

इंग्लैंड के मौजूदा कप्तान हैरी ब्रूक ने भी युवा बल्लेबाज की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि 15 साल की उम्र में वैभव ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं वह असाधारण हैं। ब्रूक ने कहा कि यदि वैभव प्लेइंग इलेवन में शामिल होते हैं तो इंग्लैंड ने उनके खिलाफ रणनीति तैयार की है क्योंकि वह बेहद प्रतिभाशाली बल्लेबाज हैं।

यह भी पढ़ें:छतरपुर के बंगला पान को मिला GI टैग, अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ेगी पहचान

वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 और श्रीलंका दौरे पर इंडिया ए के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे की भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया था। हालांकि, आयरलैंड के खिलाफ दोनों मुकाबलों में उन्हें मौका नहीं मिला और भारत पहली बार आयरलैंड से टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज 0-2 से हार गया। इसके बाद उम्मीद थी कि इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी20 उनका डेब्यू मैच होगा लेकिन चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेले गए मुकाबले में भी वह अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं बने। उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए थे लेकिन लगातार बारिश के कारण इंग्लैंड अपनी पारी शुरू नहीं कर सका और मुकाबला बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गया।

अब इंग्लैंड के खिलाफ चार टी20 मैच बाकी हैं। ऐसे में क्रिकेट जगत की नजर इस बात पर टिकी है कि टीम मैनेजमेंट आखिर कब वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका देता है। लगातार उठ रहे सवालों के बीच युवा बल्लेबाज के डेब्यू को लेकर उत्सुकता पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें:KCA ने हटाया पूर्व गेंदबाज श्रीसंत पर लगा बैन, बिना शर्त माफी के बाद लिया फैसला