मेरे पिता को विरासत में धन दौलत नहीं शहादत मिली, मुरैना में प्रियंका गांधी का भावुक भाषण

वे कहते हैं मेरे पिता ने कोई कानून बदल दिया उनकी मां से विरासत लेने के लिए। मोदी जी इस बात को समझ नहीं पाएंगे कि मेरे पिता को विरासत में धन दौलत नहीं मिली। मेरे पिता को विरासत में शहादत मिली: प्रियंका गांधी

Updated: May 03, 2024, 12:16 AM IST

मुरैना। लोकसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश में सियासी सरगर्मियां तेज हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को मुरैना में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान वह अपने पिता को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि मैं जब 19 साल थी, तब अपने पिता के टुकड़ों को घर लाई थी। मोदी जी कहते हैं कि मेरे पिता ने उनकी मां से विरासत लेने के लिए कोई कानून बदल दिया था। मोदी जी इस बात को समझ नहीं पाएंगे कि मेरे पिता को विरासत में धन दौलत नहीं मिली। मेरे पिता को विरासत में शहादत मिली।

प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, 'मैं अपने शहीद पिता के टुकड़े घर लाई। तो मैं नाराज थी इस देश से। मैं समझी इस तरह की नाराजगी उसी से होती है जिससे प्रेम होता है। मोदी जी मेरे पिता को देशद्रोही बोलते हैं। वे कहते है मेरे पिता ने कोई कानून बदल दिया उनकी मां से विरासत लेने के लिए। मोदी जी इस बात को समझ नहीं पाएंगे कि मेरे पिता को विरासत में धन दौलत नहीं मिली। मेरे पिता को विरासत में शहादत मिली।'

प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को लेकर कहा कि वे जनता से कट गए हैं। किसी गरीब के घर, किसी गांव नहीं जाते। इसलिए उन्हें जनता के दुख दर्द का पता नहीं है। प्रियंका ने जनता से पूछा कि आपने कभी मोदी जी के मुंह से बेरोजगारी शब्द सुना है क्या? प्रियंका गांधी ने कहा, 'जिन लोगों पर मोदी जी ने छापा डलवाया था। उनसे उनकी पार्टी चंदा लेती है। फिर छापे बंद। फिर जिन पर केस डाले थे। और जिन पर मुकदमे डाले थे, उनसे चंदा लेते हैं और मुकदमे ठंडे बस्ते में चले जाते हैं। आप चंदा ले रहे थे कि वसूली कर रहे थे। जैसे रास्ते के गुंडे होते हैं, आपकी दुकान पर आकर बोलते हैं हफ्ता दो। यही तो कर रहे थे ये लोग। ऐसा करके इन्होंने अपनी पार्टी को सबसे अमीर बना लिया।'

प्रियंका गांधी ने कहा कि देश में नोटबंदी की गई। मोदी जी ने कहा सारा काला धन आ जाएगा। क्या ये आया? उन्होंने आपको कोई हिसाब दिया। कोई काला धन आया ही नहीं। नोटबंदी से छोटे उद्योग, कारोबार चौपट हो गए। इसके बाद जीएसटी लाए। हर चीज पर टैक्स। महंगाई वैसे भी बढ़ गई है। इस सरकार ने जहां जहां से आपको रोजगार मिल रहे थे वो सारे साधन बंद कर दिए।