मध्यप्रदेश: बांधवगढ़ के जंगलों में लगी भीषण आग, बाघों की बड़ी आबादी पर खतरा

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में ही पाए जाते हैं भारत में सबसे ज्यादा बाघ, तेंदुए और हिरन की कई प्रजातियां भी आ सकती हैं आग की चपेट में

Updated: Mar 31, 2021, 06:34 AM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

बांधवगढ़। मध्यप्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगलों में भीषण आग लगने की जानकारी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आग ने विकराल रूप धारण करते हुए बांधवगढ़ नेशनल पार्क के कई जोन को अपने जद में ले लिया है। बांधवगढ़ में आग लगने के बाद जंगल में रहने वाले सैंकड़ों बाघों का जीवन संकट में आ गया है।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक पतौर, धमोखर, मगधी और खिलौती में आग विकराल रूप ले चुकी है। बताया जा रहा है कि आग लगे 12 घंटे से भी ज्यादा का समय हो चुका है। प्रशासनिक अमला आग पर काबू पाने की कवायद में युद्धस्तर पर जुटा हुआ है, हालांकि संसाधनों की कमी आड़े आ रही है।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में इतने बड़े स्तर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि आग की तेज लपटें जंगल के पेड़-पौधों जलकर खाक करते हुए तेजी से फैल रही है। इसी के साथ पार्क में मौजूद हजारों की संख्या में दुर्लभ वन्य प्राणियों की जान पर भी खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। हर साल लाखों सैलानी यहां इन दुर्लभ प्रजातियों के वन्यजीवों को देखने आते हैं।

बता दें कि मध्यप्रदेश के बांधवगढ़ नेशनल पार्क बड़े पैमाने पर जैव विविधता के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। भारत में सबसे ज्यादा बाघ इसी पार्क में पाए जाते हैं, इसके अलावा बड़ी संख्या में तेंदुआ और हिरण की कई प्रजातिया पाई जाती है। करीब 716 वर्ग किलोमीटर में फैले इस जंगल को साल 1968 में नेशनल पार्क घोषित किया गया था वहीं साल 1993 में इसे टाइगर रिजर्व घोषित किया गया।