MP में BSP नेता एवं कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल

MP assembly by election : ग्‍वालियर-चंबल क्षेत्र की विधानसभा सीटों पर कांग्रेस होगी मजबूत

Publish: Jun 08, 2020, 07:45 AM IST

प्रदेश में होने वाले विधानसभा उप चुनावों के मद्देनजर बसपा को बड़ा झटका लगा है। बसपा के दो दर्जन से अधिक नेता अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात करने के बाद रविवार दोपहर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बसपा के नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और सज्जन सिंह वर्मा ने बसपा के नेताओं को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। गौरतलब है कि हाल ही में आगामी उपचुनाव से पहले प्रेम चंद गुड्डू, सत्येन्द्र यादव और बालेंदु शुक्ला जैसे कद्दावर नेताओं की कांग्रेस में वापसी हुई है। ऐसे में बसपा के नेताओं का उपचुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में शामिल होने से, कांग्रेस को मनोवैज्ञानिक बढ़त मिली है।

कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक

बसपा छोड़ कांग्रेस का दामन थामने वाले सभी नेता प्रदेश में ग्वालियर - चंबल संभाग से आते हैं। दरअसल प्रदेश की 24 सीटों पर विधानसभा उपचुनाव होने हैं। जिसमें से कुल 16 सीटें ग्वालियर - चंबल संभाग से आती हैं। ऐसे में बसपा के नेताओं का कांग्रेस में शामिल होने से न सिर्फ बसपा बल्कि भाजपा को भी तगड़ा झटका लगा है। बसपा नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से पूरा दलित वोट कांग्रेस की तरफ शिफ्ट होने की संभावना है। गौरतलब है कि हाल ही में बसपा ने आगामी उपचुनावों में सभी 24 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। जिसके बाद आज बसपा के दो दर्जन से ज़्यादा नेताओं का कांग्रेस में शामिल होना, चुनावों से ठीक पहले यह कांग्रेस का मास्ट्रक स्ट्रोक माना जा रहा है।

इन्होंने ली सदस्यता

पीसीसी कार्यलय में बसपा से डबरा की तीन बार नगर पालिका अध्यक्ष, महासचिव, जिला अध्यक्ष रहीं सत्यप्रकाशी परसेणीयां , महामंत्री भाजपा केशव बघेल, फेरणसिंघ कुशवाह, रामेश्वर परिहार पार्षद, सुरेश पाल, नरेश प्रजापति, रामावतार  सिंह, बाबूलाल गौर, अशोक कुशवाह, बुदनी से अमन सूर्यवंशी, रामेश्वर परिहार, दिनेश खटीक आदि ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है।