Dewas : SDOP स्‍टॉफ पर रेत माफिया का हमला

MP Crime News मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह की सरकार में अपराधियों हौसले बुलंद, थाने से महज 100 मीटर दूरी पर हमले में दो पुलिसकर्मी घायल

Publish: Jun 30, 2020, 02:20 AM IST

मध्यप्रदेश में BJP की सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सरेआम हत्‍याओं के बाद अब देवास में रेत माफिया ने एक SDOP अमले पर हमला बोल दिया। इस हमले में 2 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। रेत माफिया ने थाने से महज 100 मीटर दूरी पर SDOP ब्रजेश सिंह कुशवाह की गाड़ी पर हमला किया।

 रेत परिवहन रोकने पर SDOP की गाड़ी पर हमला

दरअसल फतेहगढ़ घाट से नर्मदा नदीं से रेत का अवैध कारोबार लगातार जारी है। रविवार को एसडीओपी अपने 2 पुलिस जवानों के साथ कन्नौद से सतवास आ रहे थे। इस दौरान उन्होंने अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रोकने की कोशिश की, लेकिन माफिया ने ट्रेक्टर ट्रॉली नहीं रोकी। जिसके बाद SDOP का ड्राइवर गाड़ी से उतरकर ट्रैक्टर चालक के पास पहुंचा। तभी आरोपी ने एसडीओपी के ड्राइवर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जिसके बाद SDOP के साथ चल रहे 2 पुलिसकर्मी ड्राइवर को बचाने पहुंचे।

इतने में ट्रैक्टर ट्रॉली ड्राइवर ने अपने दूसरे साथियों को वहां बुला लिया।  सभी ने पुलिस जवानों पर भी हमला कर दिया। इस दौरान SDOP की गाड़ी का ड्राइवर और पुलिसकर्मी संदीप जाट घायल हो गए। दोनों का इलाज सतवास अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा भी सतवास पहुंचे। उन्होंने कहा है कि यह काफी गंभीर घटना है। अभी इमरान नाम के आरोपी की पहचान हुई है। पुलिस ने 5-6 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।