Rewa : राजकीय सम्मान के साथ शहीद दीपक को अंतिम विदाई

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दिया अर्थी को कंधा, गांव वालों ने नम आंखों से दी विदाई

Publish: Jun 20, 2020, 06:23 AM IST

चीन के साथ हिंसक झड़प में शहीद हुए मध्य प्रदेश के बहादुर बेटे और दीपक सिंह गहरवार का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ हुआ। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने शहीद की अर्थी को कंधा दिया। सभी ने नम आंखों से सपूत को अंतिम विदाई देते हुए भारत माता की जय और शहीद दीपक अमर रहे के नारे लगाए। शहीद को अंतिम विदाई देने सांसद और भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष वीडी शर्मा, विधायक राजेन्द्र शुक्ल, दिव्यराज सिंह भी फरेदा पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज रीवा के साथ मध्य प्रदेश और देश धन्य हो गया। वीर सपूत दीपक सिंह ने देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया और खुद को न्योछावर कर दिया। ऐसे सपूतों के रहते हुए भारत माता की तरफ कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता है। हमें गर्व है शहीद दीपक सिंह पर। मुख्यमंत्री ने शहीद दीपक के परिवार को ढांढस बंधाया और कहा कि उनका परिवार अकेला नहीं है, उनके साथ पूरा देश और प्रदेश खड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री ने दीपक सिंह के परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता, उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी,पक्का मकान या प्लॉट और शहीद के नाम से सड़क का नाम रखने और शहीद की मूर्ति लगाने का एलान किया।